मधुबनी: आगामी इंद्र पूजा और पर्व-त्योहारों को लेकर मधुबनी पुलिस अलर्ट मोड में है. वरीय पुलिस अधीक्षक योगेंद्र कुमार ने शनिवार देर शाम पुलिस कार्यालय में सितंबर माह की क्राइम मीटिंग की. बैठक में उन्होंने सभी पुलिस अधिकारियों को शांति और विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए तैयारियां तेज करने का निर्देश दिया.
एसएसपी ने कहा कि शांति भंग करने वाले असामाजिक तत्वों को चिन्हित कर उनके खिलाफ निरोधात्मक कार्रवाई की जाए. पर्व-त्योहारों के दौरान किसी भी तरह की अव्यवस्था नहीं हो, इसके लिए सभी थानों को अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रिय रहने का निर्देश दिया गया.
नशा कारोबारियों की बनेगी थाना-वार सूची
बैठक में सभी थानों को अपने-अपने क्षेत्र में सूखा नशा यानी मादक पदार्थों के कारोबार और तस्करी में लिप्त लोगों की थाना-वार सूची तैयार करने का निर्देश दिया गया. एसएसपी ने ऐसे कारोबारियों के खिलाफ कार्रवाई तेज करने को कहा.
उन्होंने कहा कि नशे के कारोबार में संलिप्त लोगों को जेल भेजने के साथ उनकी संपत्ति जब्त करने की कार्रवाई भी की जाएगी. पुलिस को मादक पदार्थों के कारोबार और तस्करी पर प्रभावी नियंत्रण के लिए सूचना तंत्र मजबूत करने का निर्देश दिया गया.
DJ और लाउडस्पीकर के इस्तेमाल की भी समीक्षा
क्राइम मीटिंग में पर्व-त्योहारों के दौरान डीजे और लाउडस्पीकर के अनियंत्रित उपयोग की स्थिति की भी समीक्षा की गयी. अधिकारियों को विधि-व्यवस्था से जुड़े मामलों पर सतर्कता बरतने का निर्देश दिया गया.
इसके अलावा लंबित कांडों के निष्पादन और श्रावणी मेले की सुरक्षा व्यवस्था की भी समीक्षा हुई.
श्रावणी मेले में बेहतर सुरक्षा व्यवस्था के लिए टीम की सराहना
एसएसपी योगेंद्र कुमार ने शांतिपूर्ण तरीके से श्रावणी मेला संपन्न कराने को लेकर पुलिस टीम की सराहना की. उन्होंने कहा कि एएसपी रश्मि के नेतृत्व में बिस्फी थाना पुलिस द्वारा बेहतर सुरक्षा प्रबंध किया गया.
एसएसपी ने बताया कि बिस्फी थानाध्यक्ष सहित पूरी पुलिस टीम को बेहतर सुरक्षा व्यवस्था के लिए सम्मानित करने की अनुशंसा दरभंगा रेंज के डीआईजी मनोज तिवारी से की जाएगी.
बैठक में ये अधिकारी रहे मौजूद
क्राइम मीटिंग में ग्रामीण एसपी शिवम धाकड़, एएसपी रश्मि सहित सभी एसडीपीओ, इंस्पेक्टर और थानाध्यक्ष मौजूद रहे.
यह भी पढ़ें
धान में तना छेदक और शीथ ब्लाइट का खतरा, KVK में किसानों को दी गयी बचाव की जानकारी
