मधुबनी से नागेंद्र नाथ झा की रिपोर्ट
Madhubani News: बिहार विशेष सर्वेक्षण के अंतर्गत मधुबनी जिले के राजस्व ग्राम शिलानाथ दुलीपट्टी स्थित दुर्गा मंदिर प्रांगण में रैयतों के साथ एक महत्वपूर्ण ग्राम सभा का आयोजन किया गया. मुखिया रूपम कुमारी की अध्यक्षता में आयोजित इस बैठक में जमीन सर्वे को लेकर कई अहम निर्णय लिए गए. मुखिया ने रैयतों को संबोधित करते हुए कहा कि सर्वेक्षण के दौरान सभी रैयत अनिवार्य रूप से अपने-अपने प्लॉट पर उपस्थित रहेंगे.
सर्वे के दौरान ऑन-स्पॉट नहीं होगी कागजातों की जांच
मुखिया रूपम कुमारी ने स्पष्ट किया कि इस प्रक्रिया के दौरान ऑन-स्पॉट किसी भी प्रकार के कागजात की जांच नहीं की जाएगी. कागजातों की स्क्रूटनी और जांच के लिए अलग से तिथि और प्रक्रिया निर्धारित होगी. उन्होंने सचेत किया कि सर्वेक्षण कार्य में बाधा उत्पन्न करने या सहयोग न करने की स्थिति में नियमानुसार विधिसम्मत कानूनी कार्रवाई की जा सकती है. इसलिए सभी रैयत शांति, अनुशासन और पूर्ण सहयोग बनाए रखते हुए इस कार्य को सफल बनाएं.
जानिए क्या है किस्तवार और कौन-कौन रहे मौजूद
बैठक में रैयतों को समझाते हुए बताया गया कि किस्तवार का सीधा अर्थ प्रत्येक प्लॉट पर जाकर क्रमवार तरीके से नया प्लॉट नंबर निर्धारित करना है. इस महत्वपूर्ण बैठक में सर्वेक्षण पदाधिकारी राकेश कुमार सिंह, प्रधान लेखापाल शमी कुमार, कानूनगो शिबेन्दुशेखर, अमीन अंजली कुमारी, समाजसेवी विरेंद्र यादव, स्वच्छता पर्यवेक्षक मोनू कुमार सिंह, चंद्रमोहन सिंह, गंगा गुप्ता, ओम प्रसाद गुप्ता, राम कुमार दास और महानंद साह सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण और रैयत उपस्थित रहे.
