मधुबनी: तेज आंधी ने बिगाड़ी बिजली व्यवस्था, कई फीडरों में घंटों रहा अंधेरा

Madhubani News: मधुबनी में आंधी-बारिश के बाद कई इलाकों की बिजली व्यवस्था चरमरा गई. मंगरौनी और हवाई अड्डा फीडर में पेड़ गिरने, इंसुलेटर पंचर होने और तकनीकी खराबी के कारण घंटों बिजली आपूर्ति बाधित रही. विभाग मरम्मत कार्य में जुटा रहा. पढ़ें पूरी खबर…

मधुबनी से केके पुट्टी की रिपोर्ट

Madhubani News: मधुबनी में शुक्रवार देर रात आई तेज आंधी और बारिश ने लोगों को गर्मी से तो राहत दिलाई, लेकिन इसके साथ ही बिजली व्यवस्था भी बुरी तरह प्रभावित हो गई. कई इलाकों में रात से लेकर शनिवार दोपहर तक बिजली आपूर्ति ठप रही. सबसे अधिक परेशानी मंगरौनी और हवाई अड्डा फीडर से जुड़े उपभोक्ताओं को उठानी पड़ी, जहां तकनीकी खराबी और पेड़ गिरने की वजह से घंटों अंधेरा पसरा रहा.

पेड़ और बांस गिरने से ठप हुई बिजली

बिजली विभाग के अनुसार, तेज आंधी के दौरान मंगरौनी फीडर की हाई वोल्टेज लाइन पर पेड़ की टहनियां और बांस गिर गए. इसके कारण रात करीब तीन बजे से बिजली आपूर्ति बाधित हो गई. लाइन पर भारी पेड़ गिरने के चलते फॉल्ट दूर करने में काफी समय लगा और शनिवार सुबह से मरम्मत कार्य शुरू किया गया.

हवाई अड्डा फीडर में भी आई तकनीकी खराबी

उधर, हवाई अड्डा फीडर में कई जगह हाई वोल्टेज लाइन के इंसुलेटर पंचर हो गए. इस वजह से संबंधित क्षेत्रों में भी बिजली आपूर्ति बहाल नहीं हो सकी. बिजली विभाग की टीम लगातार फॉल्ट तलाशने और उसे ठीक करने में जुटी रही.

रात में मरम्मत कार्य बना चुनौती

कनीय अभियंता अनिल कुसुम ने बताया कि अंधेरा और खराब मौसम होने के कारण रात में लाइन पर गिरे पेड़ों को हटाना संभव नहीं था. शनिवार को जेसीबी मशीन की मदद से पेड़ों और बांस को हटाकर मरम्मत का काम किया गया.

ईवी स्विच में खराबी से बढ़ी परेशानी

बिजली विभाग ने बताया कि विद्युत उपशक्ति केंद्र के इमरजेंसी फीडर और हवाई अड्डा फीडर से जुड़े ईवी स्विच में भी तकनीकी खराबी आ गई थी. इससे बिजली बहाल करने की प्रक्रिया और अधिक प्रभावित हुई. विभाग का दावा है कि सभी फॉल्ट दूर कर आपूर्ति सामान्य करने का प्रयास किया जा रहा है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Aniket Kumar

अनिकेत बीते 4 सालों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं. राजस्थान पत्रिका और न्यूजट्रैक जैसे मीडिया संस्थान के साथ काम करने का अनुभव. एंटरटेनमेंट, हाईपरलोकल और राजनीति की खबरों से अधिक जुड़ाव. वर्तमान में प्रभात खबर की डिजिटल टीम के साथ कार्यरत.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >