झंझारपुर से संजय कर्ण की रिपोर्ट
Madhubani News: मधुबनी जिले के झंझारपुर नगर परिषद क्षेत्र से एक बेहद संवेदनशील और हैरान करने वाला मामला सामने आया है.यहां एक मां ने थाने में लिखित आवेदन देकर अपनी 16 वर्षीय नाबालिग बेटी के अपहरण और उसके साथ दुष्कर्म किए जाने का गंभीर आरोप लगाया है.महिला ने मुख्य आरोपी अनिल मंडल और उसके परिजनों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है.
स्कूल से घर लौटने के दौरान चार पहिया वाहन से किया अगवा
थाने में दिए गए आवेदन के अनुसार, नाबालिग छात्रा स्कूल से पढ़कर अपने घर लौट रही थी.आरोप है कि इसी दौरान घात लगाए मुख्य आरोपी अनिल मंडल ने उसे बहला-फुसलाकर एक चार पहिया वाहन में जबरन बैठा लिया और अगवा कर किसी अज्ञात स्थान पर ले गया.पीड़िता की मां का आरोप है कि वहां आरोपी ने नाबालिग को कोई नशीला पदार्थ खिलाकर उसके साथ दुष्कर्म की घिनौनी वारदात को अंजाम दिया.
आपत्तिजनक तस्वीरें बनाकर ब्लैकमेलिंग और जान से मारने की धमकी
आरोप के मुताबिक अनिल मंडल ने घटना के दौरान नाबालिग की कई आपत्तिजनक तस्वीरें और वीडियो भी बना लिए.अब वह इन अश्लील तस्वीरों को सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी दे रहा है और पीड़ित परिवार को ब्लैकमेल कर रहा है.मां का कहना है कि शिकायत करने पर आरोपी के भाई राजू मंडल, मुरारी मंडल उर्फ भिखन मंडल, मूर्ति देवी और 5 से 10 अज्ञात लोग उनके घर के पास आकर गाली-गलौज कर रहे हैं और पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दे रहे हैं, जिससे पीड़ित परिवार गहरे खौफ में है.
प्राथमिकी दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू
पीड़ित मां ने पुलिस से मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए सुसंगत धाराओं में केस दर्ज करने और आरोपियों को तुरंत गिरफ्तार करने की गुहार लगाई है.इस संबंध में झंझारपुर के थानाध्यक्ष सुनील कुमार सिंह ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली है और गहन अनुसंधान शुरू कर दिया गया है.उन्होंने कहा कि जल्द ही नाबालिग को सुरक्षित बरामद कर लिया जाएगा और आरोपियों को गिरफ्तार करने के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है.
