Madhubani News: बदहाल स्वास्थ्य व्यवस्था पर भड़के डीएम, एक महीने में सुधारें इमरजेंसी सेवा

Madhubani News: मधुबनी डीएम आनंद शर्मा ने देर रात मॉडल सदर अस्पताल का औचक निरीक्षण कर इमरजेंसी सेवाओं में एक महीने के भीतर सुधार का अल्टीमेटम दिया है. उन्होंने जूनियर डॉक्टरों के भरोसे वार्ड न छोड़ने और अनुभवी चिकित्सकों की तैनाती के निर्देश दिए हैं. जानिए खबर विस्तार से…

Madhubani News: जिले की स्वास्थ्य व्यवस्था को पटरी पर लाने के लिए जिलाधिकारी आनंद शर्मा एक्शन मोड में नजर आ रहे हैं. रविवार की देर रात डीएम ने जिला मुख्यालय स्थित मॉडल सदर अस्पताल का औचक निरीक्षण किया. अचानक हुए इस निरीक्षण से अस्पताल प्रशासन में हड़कंप मच गया. डीएम ने विशेष रूप से इमरजेंसी वार्ड की बदहाल व्यवस्थाओं पर नाराजगी जताई और अधिकारियों को कड़े लहजे में सुधार की हिदायत दी.

इमरजेंसी में तैनात होंगे अनुभवी डॉक्टर

निरीक्षण के दौरान डीएम ने पाया कि इमरजेंसी सेवाओं में सुधार की काफी गुंजाइश है. उन्होंने अस्पताल उपाधीक्षक को स्पष्ट निर्देश दिया कि इमरजेंसी वार्ड को अगले एक महीने के भीतर इस कदर सुदृढ़ करें कि मरीजों को मामूली कारणों से बाहर रेफर न करना पड़े. उन्होंने आदेश दिया कि इमरजेंसी में केवल जूनियर डॉक्टरों के भरोसे काम नहीं चलेगा, यहाँ वरीय और अनुभवी चिकित्सकों की प्रतिनियुक्ति सुनिश्चित की जाए. डीएम ने चेतावनी दी कि यदि एक माह में सुधार नहीं दिखा, तो सख्त कार्रवाई होगी.

मरीजों से लिया फीडबैक

डीएम आनंद शर्मा ने अस्पताल में दवाओं की उपलब्धता, साफ-सफाई और बायोमेट्रिक उपस्थिति का भी बारीकी से अवलोकन किया. उन्होंने वार्डों में भर्ती मरीजों और उनके परिजनों से सीधे बात कर अस्पताल की सुविधाओं का फीडबैक लिया. उन्होंने अस्पताल प्रबंधन से कहा कि इमरजेंसी सेवाओं को आधुनिक बनाने के लिए जिन संसाधनों की आवश्यकता है, उसका विस्तृत प्रस्ताव जल्द उपलब्ध कराएं. इस दौरान सदर एसडीओ चंदन कुमार झा और ओएसडी नितेश कुमार पाठक समेत कई अधिकारी मौजूद थे. डीएम के इस रुख से आम जनता में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं की उम्मीद जगी है.

मधुबनी से कार्तिक कुमार की रिपोर्ट

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By सुनील कुमार सिंह

सुनील कुमार सिंह प्रभात खबर मल्टीमीडिया में डिप्टी चीफ रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 20 वर्षों का समृद्ध अनुभव है। क्राइम और राजनीति से जुड़ी खबरों पर उनकी मजबूत पकड़ है। वे निष्पक्ष रिपोर्टिंग और गहन विश्लेषण के लिए जाने जाते हैं, जिससे पाठकों को सटीक और भरोसेमंद जानकारी मिलती है।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >