घर के बाहर से उठाकर दिव्यांग युवती से दुष्कर्म का आरोप, मुख्य आरोपी गिरफ्तार

Madhubani Crime News: मधुबनी के खजौली थाना क्षेत्र में मानसिक रूप से दिव्यांग युवती से कथित दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने 24 घंटे के भीतर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है. मामले में दो अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है.

मधुबनी से नागेंद्र नाथ झा की रिपोर्ट

Madhubani Crime News: मधुबनी जिले के खजौली थाना क्षेत्र में मानसिक रूप से दिव्यांग एक युवती के साथ कथित दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को घटना के 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस के अनुसार मामले में दो अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है.

युवती के परिजनों के आवेदन पर दर्ज हुआ मामला

पुलिस के अनुसार खजौली थाना में प्राप्त लिखित आवेदन में आरोप लगाया गया कि मानसिक रूप से दिव्यांग युवती को रात के समय उसके घर के सामने से जबरन उठाकर गांव से बाहर ले जाया गया. आवेदन में तीन युवकों पर युवती के साथ दुष्कर्म करने का आरोप लगाया गया है. घटना के बाद युवती अपने घर पहुंची और परिजनों को पूरी जानकारी दी.

घटनास्थल पर पहुंची पुलिस और FSL टीम

आवेदन मिलने के बाद खजौली थाना पुलिस ने तत्काल प्राथमिकी दर्ज कर घटनास्थल का निरीक्षण किया. साक्ष्य संकलन के लिए एफएसएल टीम तथा तकनीकी टीम को भी मौके पर बुलाया गया. पुलिस ने घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई.

मुख्य आरोपी गिरफ्तार, पूछताछ जारी

पुलिस ने तकनीकी जांच के आधार पर खजौली थाना क्षेत्र के घुसकीपट्टी गांव निवासी रौशन कुमार यादव को गिरफ्तार किया. पुलिस का कहना है कि पूछताछ के दौरान आरोपी ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है. हालांकि इस संबंध में न्यायालय में आरोप सिद्ध होना शेष है.

दो अन्य आरोपियों की तलाश जारी

पुलिस ने बताया कि मामले में नामजद अन्य दो आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है. मामले की जांच जारी है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Purushottam Kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >