मधुबनी बस स्टैंड पर संदिग्ध हालत में मिला अज्ञात युवक का शव, पहचान में जुटी पुलिस

मधुबनी नगर थाना क्षेत्र के बस स्टैंड परिसर में गुरुवार को एक अज्ञात युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से सनसनी फैल गई. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मृतक की पहचान करने में जुटी है. पढ़ें पूरी खबर...

मधुबनी से कार्तिक कुमार की रिपोर्ट

Madhubani News: नगर थाना क्षेत्र स्थित बस स्टैंड परिसर में गुरुवार को एक अज्ञात युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई. दिनदहाड़े शव मिलने की सूचना के बाद आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई.

सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार युवक का शव काफी देर तक बस स्टैंड परिसर में पड़ा रहा. बाद में स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी. सूचना मिलते ही नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया.

फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो सकी है. पुलिस उसकी शिनाख्त कराने और परिजनों का पता लगाने का प्रयास कर रही है.

अवैध नशे के कारोबार पर उठे सवाल

घटना के बाद स्थानीय लोगों ने बस स्टैंड परिसर और आसपास के क्षेत्रों में लंबे समय से सूखा नशा के अवैध कारोबार संचालित होने का आरोप लगाया है. लोगों का कहना है कि यहां नशेड़ियों का जमावड़ा लगा रहता है और कई प्रकार की अवैध गतिविधियां होती हैं.

स्थानीय लोगों के अनुसार इस संबंध में कई बार पुलिस प्रशासन को शिकायत भी की गई थी, लेकिन प्रभावी कार्रवाई नहीं होने से स्थिति जस की तस बनी हुई है.

मौत के कारणों को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं

युवक की मौत के बाद क्षेत्र में चर्चा का माहौल गर्म है. कुछ लोग नशीले पदार्थों के सेवन को मौत की वजह मान रहे हैं, जबकि कुछ लोगों का कहना है कि भीषण गर्मी और लू लगने के कारण उसकी जान गई हो सकती है. हालांकि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा.

पुलिस कर रही जांच

नगर थानाध्यक्ष मनोज कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला अज्ञात मृत्यु का प्रतीत हो रहा है. मृतक की पहचान और मौत के कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस जांच कर रही है.

उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Sarfaraz Ahmad

सरफराज अहमद IIMC से प्रशिक्षित पत्रकार हैं. राजनीति, समाज और हाइपरलोकल मुद्दों पर लिखते हैं. क्रिकेट और सिनेमा में गहरी रुचि रखते हैं. बीते तीन वर्षों से मीडिया क्षेत्र में सक्रिय हैं और वर्तमान में प्रभात खबर की डिजिटल टीम के साथ कार्यरत हैं।

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >