राजस्व समन्वय समिति की बैठक में मिली जानकारीमधुबनी. जिलाधिकारी अरविंद कुमार वर्मा की अध्यक्षता में समाहरणालय स्थित सभाकक्ष में जिला राजस्व समन्वय समिति की समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई. बैठक के दौरान प्रखंडवार समीक्षा की गयी. विगत फरवरी माह में राजस्व विभाग के विभिन्न मानकों में ओवर ऑल प्रदर्शन में सीओ खुटौना प्रथम,फुलपरास द्वितीय एवं राजनगर तृतीय स्थान पर रहे. वहीं सीओ बाबूबरही ,बिस्फी एवं रहिका का प्रदर्शन निम्न पाया गया. जिलाधिकारी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि प्रदर्शन में सुधार लाएं वर्ना लगातार तीन माह निम्न प्रदर्शन करने वाले पर जवाबदेही तय करते हुए करवाई की जाएगी. अतिक्रमणवाद की समीक्षा के क्रम में जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि अतिक्रमण के मामलों को सर्वोच्च प्राथमिकता के साथ त्वरित रुप से निष्पादित करें. अतिक्रमण वाद में किसी भी प्रकार की शिथिलता पर संबंधित सीओ के विरुद्ध कार्रवाई की चेतावनी दी. उन्होंने सभी सीओ को अतिक्रमण वाद के मामलों को सरजमीनी पोर्टल पर अनिवार्य रुप से अपलोड करने का भी निर्देश दिया. बैठक के दौरान सभी डीसीएलआर को नियमित रुप से अंचलों का निरीक्षण करने को कहा. सभी सीओ को जलनिकायों के अतिक्रमण को स्वयं चिन्हित कर उस पर अतिक्रमण वाद चलाकर अतिक्रमण मुक्त करने का भी निर्देश दिया. सीओ को तेजी के साथ नीलाम पत्रवाद का निष्पादन करने का निर्देश दिया. इसी प्रकार लगान वसूली कार्य की समीक्षा के क्रम में इसमें तेजी लाने का निर्देश दिया. लोक सेवाओं के अधिकार की समीक्षा के क्रम में निर्देश दिया कि प्राप्त आवेदनों को निर्धारित अवधी में हर हाल में निष्पादित कराना सुनिश्चित करें. लोक सेवा अधिकार अधिनियम के तहत आरोपित दंड को संबधित अधिकारियों से ससमय वसूली करने को कहा. डीएम ने दंड की राशि नही जमा करने वाले अधिकारियों एवं कर्मियों के विरुद्ध प्रपत्र क की कार्रवाई करने का निर्देश दिया. जिलाधिकारी ने कहा कि जनता दरबार में सबसे अधिक परिवाद भूमि विवाद से संबंधित होते हैं. भूमि विवाद के समाधान के लिए थाना दिवस को उपयोगी बताते हुए उन्होंने कहा कि भूमि विवाद से जुड़े मामलों में अधिकतर मामलों को भूमि की मापी कराकर निष्पादित किया जा सकता है. भूमिविवाद के मामलों को सर्वोच्च प्राथमिकता के साथ ससमय निष्पादित करने को कहा. अभियान बसेरा 2 की समीक्षा के क्रम में जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि इसके तहत एक भी पात्र भूमिहीन छूटे नही. इसे हर हाल में सुनिश्चित करे. वहीं सीडब्लूजेसी की समीक्षा के क्रम में डीएम ने निर्देश दिया कि न्यायालय संबधी मामलों को पूरी गंभीरता से लेकर,ससमय एसओएफ तैयार कर ससमय ओथ करें. इसमें थोड़ी भी लापरवाही एवं शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी. उन्होंने निम्न प्रदर्शन करने वाले अंचल केा अगली बैठक तक अपने प्रदर्शन में सुधार लाने का निर्देश देते हुए कहा कि स्थिति में सुधार करें, अन्यथा जबाबदेही तय कर कार्रवाई की जाएगी. समीक्षा के क्रम में यह पाया गया कि जनवरी माह में दाखिल खारिज में हरलाखी का प्रदर्शन सबसे अच्छा एवं घोघरडीहा सीओ का प्रदर्शन सबसे निम्न रहा. बैठक में अपर समाहर्त्ता, राजेश कुमार, प्रभारी पदाधिकारी जिला राजस्व शाखा, नसीम निशांत,प्रभार पदाधिकारी विकास शाखा एवं जिला स्थापना शाखा,जिले के सभी भूमि सुधार उप समाहर्ता, सभी अंचल अधिकारी आदि उपस्थित थे.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
