Madhubani News: झंझारपुर अनुमंडल अंतर्गत अंधराठाढ़ी थाना क्षेत्र के धकजरी गांव में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से सनसनी फैल गई है. मृतका की पहचान इंदु कुमारी के रूप में हुई है. परिजनों ने पति और ससुराल पक्ष पर हत्या का गंभीर आरोप लगाया है.
सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि शव को जलाने ले जा रहा टेंपो चालक श्मशान घाट की जगह सीधे अंधराठाढ़ी थाना पहुंच गया, जिसके बाद पूरे मामले का खुलासा हुआ.
पति ने दी थी गोली मारने की धमकी
मृतका के मायके वालों का आरोप है कि कुछ दिन पहले ही इंदु के पति सुरेश मल्लिक ने पिस्टल के साथ अपनी तस्वीर भेजकर उसे छह गोली मारने की धमकी दी थी.
बताया जा रहा है कि पिस्टल के साथ उसका वीडियो और फोटो सोशल मीडिया पर भी वायरल हुआ था. परिजनों के अनुसार, धमकी मिलने के बाद से ही इंदु डरी-सहमी रहती थी.
चार साल पहले हुई थी शादी
जानकारी के अनुसार, बलथी गांव निवासी इंदु कुमारी की शादी चार वर्ष पहले धकजरी गांव में हुई थी. उसकी एक दो साल की बेटी भी है.
मंगलवार शाम अचानक उसकी मौत हो गई. आरोप है कि ससुराल पक्ष शव को जल्दबाजी में जलाने की तैयारी कर रहा था, लेकिन इसी दौरान टेंपो चालक शव लेकर सीधे थाना पहुंच गया और पुलिस को पूरी जानकारी दी.
एफएसएल टीम जुटा रही साक्ष्य
सूचना मिलते ही अंधराठाढ़ी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.
एफएसएल टीम ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए. पुलिस वायरल फोटो और वीडियो की भी जांच कर रही है.
एसडीपीओ ने किया घटनास्थल का निरीक्षण
घटना की जानकारी मिलते ही झंझारपुर एसडीपीओ सुबोध कुमार सिन्हा धकजरी गांव पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया.
उन्होंने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और एफएसएल जांच के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा. फिलहाल पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है.
मधुबनी के झंझारपुर से संजय कर्ण की रिपोर्ट
