Madhubani News: ललित कर्पूरी स्टेडियम स्थित झंझारपुर टाइगर्स क्रिकेट एकेडमी में प्रशिक्षु खिलाड़ियों के लिए विशेष फिटनेस सत्र आयोजित किया गया. इंडियन व्हीलचेयर क्रिकेट एसोसिएशन के सहायक फिजियो अनिकेत चौधरी ने खिलाड़ियों को परेड कराकर शारीरिक अनुशासन, फिटनेस और खेल के दौरान शरीर की देखभाल के महत्व की जानकारी दी. इस दौरान उन्होंने क्रिकेटरों को इंजरी से बचाव के वैज्ञानिक तरीके भी बताए.
Jhanjharpur News: वार्मअप और रिकवरी पर दिया गया विशेष प्रशिक्षण
अनिकेत चौधरी ने बताया कि किसी भी खिलाड़ी के लिए वार्मअप, कूलडाउन, सही पोस्चर और संतुलित खानपान बेहद जरूरी है. उन्होंने कहा कि नियमित स्ट्रेचिंग और रिकवरी एक्सरसाइज अपनाने से गंभीर चोटों की आशंका काफी कम हो जाती है. खिलाड़ियों को इन अभ्यासों का व्यावहारिक प्रदर्शन भी कराया गया.
खिलाड़ियों ने सीखे फिटनेस के आधुनिक तरीके
फिटनेस सत्र के दौरान खिलाड़ियों को फील्डिंग, रनिंग और शारीरिक क्षमता बढ़ाने से जुड़े कई अभ्यास कराए गए. फिजियो ने कहा कि क्रिकेट में बेहतर प्रदर्शन के लिए तकनीकी कौशल के साथ शरीर की फिटनेस बनाए रखना भी आवश्यक है. अनुशासित दिनचर्या और नियमित अभ्यास से खिलाड़ी लंबे समय तक खेल में बेहतर प्रदर्शन कर सकते हैं.
भविष्य में भी होंगे ऐसे प्रशिक्षण शिविर
मधुबनी क्रिकेट एसोसिएशन के कोषाध्यक्ष कालीचरण ने कहा कि ऐसे प्रशिक्षण शिविर खिलाड़ियों के शारीरिक और मानसिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं. उन्होंने बताया कि झंझारपुर टाइगर्स क्रिकेट एकेडमी भविष्य में भी विशेषज्ञों के मार्गदर्शन में इस तरह के फिटनेस और कौशल विकास कार्यक्रम आयोजित करती रहेगी.
कार्यक्रम में रहे मौजूद
इस अवसर पर मधुबनी क्रिकेट एसोसिएशन के कोषाध्यक्ष सह पूर्व सचिव कालीचरण, झंझारपुर टाइगर्स क्रिकेट एकेडमी के कोच वाई.एन. झा, समाजसेवी हरिमोहन लाल दास सहित कई खेल प्रेमी और प्रशिक्षु खिलाड़ी मौजूद रहे.
