नेपाल की दो लड़कियों को मुंबई बेचने वाली महिला तस्कर गिरफ्तार, एसएसबी ने सीमा पर दबोचा

भारत-नेपाल सीमा पर एसएसबी ने एक महिला मानव तस्कर को गिरफ्तार किया है। यह महिला नेपाल की दो युवतियों को बहला-फुसलाकर मुंबई भेजने की फिराक में थी। आरोपी ने भूत-प्रेत झाड़ने के बहाने सुरक्षाकर्मियों को चकमा देने की कोशिश की।

Human Trafficking: मधुबनी जिले के राजनगर अंतर्गत भारत-नेपाल सीमा पर सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मानव तस्करी के एक बड़े मामले का पर्दाफाश किया है. सीमा चौकी लगदी पर तैनात 18वीं वाहिनी के जवानों ने नेपाल की दो युवतियों को बहला-फुसलाकर मुंबई भेजने वाली एक महिला मानव तस्कर को सीमा पार करते वक्त दबोच लिया. पकड़ी गई महिला सीमा पर सुरक्षाकर्मियों को चकमा देने के लिए मानसिक रूप से विक्षिप्त होने का नाटक कर रही थी.

Woman Trafficker Arrested: भूत-प्रेत झाड़ने के बहाने सीमा पार करने की थी साजिश

एसएसबी के अनुसार शनिवार शाम एक संदिग्ध व्यक्ति अस्थायी चेक पोस्ट पर पहुंचा और उसने सुरक्षाकर्मियों से कहा कि उसे एक लड़की का भूत-प्रेत झाड़-फूंक कराने के लिए नेपाल ले जाना है. जवानों द्वारा वैध पहचान पत्र मांगने पर वह व्यक्ति वहां से वापस लौट गया. इसके कुछ ही देर बाद एक युवती अजीबोगरीब हरकतें करते हुए नेपाल जाने के लिए चेक पोस्ट पर पहुंची. पहचान पत्र न होने और उसके संदिग्ध व्यवहार को देखकर जवानों ने उसे रोककर पूछताछ शुरू की.

पागलपन का ढोंग कर रही मदीना की खुली पोल

पूछताछ में युवती ने अपना नाम मदीना खातून (निवासी लगदी गढ़ियानी, जिला सिरहा, नेपाल) बताया. इसी बीच सीमावर्ती गांव के ग्रामीण और परिजनों ने मौके पर पहुंचकर खुलासा किया कि मदीना दो दिन पूर्व गांव की दो युवतियों शबनम खातून और प्रीति कुमारी को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गई थी. प्रीति के पिता राम हृदय यादव ने मौके पर पहुंचकर अपनी बेटी के अपहरण और तस्करी किए जाने की पुष्टि की.

दरभंगा के रास्ते मुंबई भेजी गईं दोनों युवतियां

मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए लदनियां थाना पुलिस और सर्वो प्रयास संस्थान (एनजीओ) की टीम को बुलाया गया. संयुक्त पूछताछ में मदीना ने कबूल किया कि उसने दोनों युवतियों को अपनी रिश्तेदार जन्नत खातून के माध्यम से दरभंगा से ट्रेन द्वारा मुंबई भिजवाया है. जन्नत खातून मूल रूप से मधुबनी के खजौली की रहने वाली है और फिलहाल मुंबई में रहती है. परिजनों ने आरोप लगाया कि दोनों लड़कियों को विदेश भेजने के नाम पर मुंबई के दलदल में बेच दिया गया है.

मानव तस्करी सिंडिकेट की तलाश में जुटी पुलिस

एसएसबी ने प्राथमिक छानबीन के बाद आरोपी मदीना खातून को लदनियां थाना पुलिस के हवाले कर दिया. पुलिस ने मानव तस्करी निरोधक कानूनों के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली है. मुंबई भेजी गई दोनों पीड़ित युवतियों की सकुशल बरामदगी और अंतरराज्यीय तस्करी सिंडिकेट से जुड़े अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं.

यह भी पढ़ें... समस्तीपुर में मातृ वंदना योजना की समीक्षा, मोहनपुर नंबर वन तो सदर प्रखंड फिसला सबसे नीचे

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By नागेंद्र नाथ झा

पिछले 20 वर्षों से प्रिंट पत्रकारिता में सक्रिय हैं. देश के कई प्रतिष्ठित नेशनल न्यूज चैनलों में काम करने के कारण राजनीतिक घटनाक्रमों और राजनीतिक दलों की खबरों के विशेषज्ञ माने जाते हैं. राजनीतिक विश्लेषण और पैनी रिपोर्टिंग में इन्हें महारथ हासिल है.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >