संजय कर्ण, झंझारपुर, मधुबनी.
Madhubani News: झंझारपुर अनुमंडल थाना क्षेत्र में अंधविश्वास का फायदा उठाकर ठगी का मामला सामने आया है. एक कथित तांत्रिक ने पूजा-पाठ और ग्रह दोष दूर करने का झांसा देकर महिला से लाखों रुपये मूल्य के सोने के जेवरात ठग लिए और फरार हो गया. पीड़ित परिवार ने थाने में आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की है.
गांव पहुंचा और खुद को बताया साधु
आवेदन के अनुसार गुरुवार दोपहर करीब 12 बजे एक लगभग 30 वर्षीय युवक गांव में पहुंचा. वह खुद को अपाची साधु बताकर लोगों से बातचीत कर रहा था. युवक ने महिला आशा कुमारी से कहा कि मधुबनी और पंडौल के बीच स्थित उगना मंदिर में यज्ञ होने वाला है और वह उसी सिलसिले में गांव में पूजा संबंधी कार्य के लिए आया है.
काले पॉलीथिन में रखने को कहा जेवर
कथित साधु ने महिला से धूप, अगरबत्ती, अक्षत और जेवर एक काले पॉलीथिन में रखकर लाने को कहा. उसकी बातों पर विश्वास कर महिला ने अपना सोने का मंगलसूत्र और एक जोड़ी कान की बाली पॉलीथिन में रख दी. इसके बाद आरोपी ने महिला को पानी पिलाया और जेवर वाला पॉलीथिन अपने पास ले लिया.
नौकरी और ग्रह दोष दूर करने का दिया झांसा
आरोपी ने महिला से कहा कि अगरबत्ती निकालकर तालाब में अर्पित कर दो. ऐसा करने से परिवार की सभी परेशानियां दूर हो जाएंगी, दामाद को नौकरी मिल जाएगी और शनि ग्रह का प्रभाव भी समाप्त हो जाएगा. महिला जब उसकी बातों में उलझी रही, तभी आरोपी जेवर लेकर फरार हो गया.
खोजबीन के बाद पुलिस से शिकायत
परिजनों ने आरोपी की काफी तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला. इसके बाद पीड़िता के परिजन अरविंद कुमार और ओम प्रकाश कुमार ने थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई.
प्राथमिकी दर्ज, जांच शुरू
थानाध्यक्ष कार्तिक भगत ने बताया कि पीड़ित पक्ष की ओर से दिए गए आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है.
उन्होंने लोगों से अपील की कि पूजा-पाठ, तंत्र-मंत्र या चमत्कार के नाम पर किसी भी अनजान व्यक्ति को नकदी, जेवरात या अन्य कीमती सामान न सौंपें. किसी भी संदिग्ध व्यक्ति की सूचना तुरंत पुलिस को दें.
