मधुबनी. बिहार राज्य शिक्षा सेवक व तालिमी मरकज शिक्षक संघ के सदस्यों ने अपनी 14 सूत्री मांग के समर्थन में शनिवार को जिला शिक्षा पदाधिकारी कार्यालय के समक्ष धरना दिया. मौके पर बिहार राज्य शिक्षा सेवक संघ के जिलाध्यक्ष रेजा बाबू उर्फ रजा ने कहा कि पिछले 11 महीने से डीपीओ साक्षरता का इपीएफ में डिजिटल डाटा अपलोड नहीं किये जाने से तकरीबन 700 कर्मियों की परेशानी बढ़ गयी है. उन्होंने महिलाओं को मातृत्व अवकाश देने के साथ लंबित मानदेय का भुगतान करने की मांग की. शिक्षा सेवकों व तालिमी मरकज शिक्षकों को समय से मानदेय का भुगतान करने की मांग करते हुए वक्ताओं ने कहा कि डीपीओ साक्षरता आवंटन रहने के बावजूद मानदेय का भुगतान लटकाये रखते हैं. वीसी पर रोक लगाने की मांग करते हुए तालिमी मरकज शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष कैलाश सदाय ने कहा कि यदी शीघ्र उनलोगों की मांग पर सहानुभूतिपूर्वक विचार नहीं किया गया तो विरोध में चरणबद्ध आंदोलन किया जाएगा. सभा को मो. मोइनुद्दीन, मो. रेजाउल्लाह, मो. दिलशाद, मो. शमसी अहमद, शंकर साफी, रुखसाना खातून, कुमारी सुनीता, अब्दुल हफीज, शाहीन खातून, अब्दुल्लाह, मो. जब्बार, सुभाष साफी, मो. तमन्ना ने भी संबोधित किया.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
