बासोपट्टी में डिग्री कॉलेज का शुभारंभ, छात्र-छात्राओं में खुशी की लहर

मधुबनी के बासोपट्टी में डिग्री कॉलेज का शुभारंभ हो गया है, जिससे छात्र-छात्राओं और अभिभावकों में उत्साह है. इस नई सुविधा से स्थानीय विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के बेहतर अवसर मिलेंगे.

Madhubani News: प्रखंड में डिग्री महाविद्यालय का शुभारंभ होने से छात्र-छात्राओं और अभिभावकों में उत्साह का माहौल है. उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में जयनगर के एसडीओ दीपक कुमार, बीडीओ अनिल कुमार, बीईओ सुरेश प्रसाद, महाविद्यालय की प्रभारी प्राचार्य डॉ. आरती प्रसाद, बर्सर डॉ. सच्चिदानंद यादव सहित अन्य अतिथियों ने भाग लिया.

मिथिला परंपरा के तहत हुआ सम्मान

कार्यक्रम के दौरान सभी अतिथियों का मिथिला की पारंपरिक रीति से सम्मान किया गया. स्थानीय लोगों ने वर्षों पुराने सपने के साकार होने पर प्रसन्नता व्यक्त की.

छात्राओं को मिलेगा सबसे अधिक लाभ

वक्ताओं ने कहा कि अब उच्च शिक्षा के लिए छात्रों, विशेषकर छात्राओं को मधुबनी, जयनगर या अन्य शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा. इससे समय और आर्थिक खर्च दोनों की बचत होगी तथा ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक अवसर मिलेंगे.

शिक्षा का नया वातावरण बनेगा

शिक्षा प्रेमियों ने कहा कि डिग्री कॉलेज की स्थापना से बासोपट्टी में उच्च शिक्षा का नया वातावरण विकसित होगा. उन्होंने बिहार सरकार और शिक्षा विभाग की इस पहल का स्वागत करते हुए उम्मीद जताई कि महाविद्यालय में जल्द ही सभी आवश्यक विषयों, शिक्षकों और आधारभूत सुविधाओं की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी, ताकि विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा स्थानीय स्तर पर ही उपलब्ध हो सके.

बड़ी संख्या में लोग रहे मौजूद

इस अवसर पर थानाध्यक्ष कार्तिक भगत, प्लस-टू विद्यालय के प्रधानाध्यापक जयजयराम चौधरी, पूर्व प्रधानाध्यापक पलटू मेहरा, के.के. झा, जगतानंद शर्मा, हरिश्चंद्र शर्मा, संजय महतो, कैलाश महतो, अरुण ठाकुर, सोमेश रंजन, आशीष कुमार, मदन पासवान, भरत मंडल सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं और स्थानीय लोग उपस्थित रहे.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Roushan kumar thakur

Published by: Sarfaraz Ahmad

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >