Madhubani Congress: झंझारपुर स्थित जिला कांग्रेस कार्यालय के सभागार में पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न स्वर्गीय राजीव गांधी की जयंती श्रद्धा और गरिमा के साथ मनाई गई. जयंती समारोह की अध्यक्षता जिला कांग्रेस पूर्वी के अध्यक्ष नलिनी रंजन झा ने की. इस अवसर पर उपस्थित पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने पूर्व प्रधानमंत्री के चित्र पर पुष्प एवं माल्यार्पण कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की.
विकसित भारत और आधुनिक संचार क्रांति के प्रणेता थे राजीव गांधी
श्रद्धांजलि सभा को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष नलिनी रंजन झा ने कहा कि राजीव गांधी ने ही 'विकसित भारत' का दूरदर्शी सपना देखा था.
उन्होंने देश को आधुनिक युग में ले जाने के लिए संचार क्रांति की नींव रखी, आर्थिक उदारीकरण की शुरुआत की और महिला सशक्तिकरण के साथ-साथ त्रिस्तरीय पंचायती राज व्यवस्था को धरातल पर उतारने का ऐतिहासिक कार्य किया. उनकी नीतियों और आधुनिक सोच के लिए आज पूरा देश उन्हें कृतज्ञता से याद कर रहा है.
जिले भर के वरिष्ठ कांग्रेस नेता रहे उपस्थित
इस अवसर पर कांग्रेस पार्टी के कई प्रमुख नेताओं और कार्यकर्ताओं ने अपने विचार रखे और उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया.
कार्यक्रम में मुख्य रूप से जिला कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष मनोज कुमार मिश्रा, मधुबनी के डिप्टी मेयर अमानुल्लाह खान, वरिष्ठ कांग्रेस नेता टेकनाथ पाठक, प्रो. अनिल झा, सत्येंद्र पासवान, मुन्ना मुखिया, मो. अकबर, राजेश झा, विनय कुमार झा, मो. शाहजहां अंसारी, अबू बकर सहित दर्जनों कार्यकर्ता उपस्थित रहे.
