CM Samrat Choudhary Madhubani Visit: मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी पहली बार निजी दौरे पर रविवार को मधुबनी पहुंचेंगे. प्रशासनिक सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, मुख्यमंत्री करीब 3:45 बजे सदर अनुमंडल के राजनगर स्थित राज कैंपस पहुंचेंगे. यहां वे राज परिसर का निरीक्षण करने के साथ परिसर में स्थित ऐतिहासिक मंदिरों में दर्शन-पूजन करेंगे.
इसके बाद मुख्यमंत्री राजनगर प्रखंड के ही पिलखवार गांव जाएंगे, जहां स्थानीय निवासी शिवनाथ झा के आवास पर आयोजित निजी कार्यक्रम में शामिल होंगे.
मुख्यमंत्री के इस निजी दौरे को लेकर समाचार लिखे जाने तक जिला प्रशासन की ओर से आधिकारिक रूप से कोई कार्यक्रम जारी नहीं किया गया था. प्रशासनिक अधिकारी भी मुख्यमंत्री के आगमन से संबंधित जानकारी की सार्वजनिक रूप से पुष्टि करने से बच रहे हैं. हालांकि, प्रशासनिक स्तर पर मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं.
राजनगर से पिलखवार तक सुरक्षा के रहेंगे व्यापक इंतजाम
मुख्यमंत्री के संभावित कार्यक्रम को लेकर शनिवार को जिला प्रशासन के वरीय अधिकारी दिनभर तैयारियों में जुटे रहे. जिला पदाधिकारी आनंद शर्मा, एसएसपी योगेंद्र कुमार, ग्रामीण एसपी शिवम धाकड़ और सदर एसडीओ चंदन कुमार झा समेत कई अधिकारियों ने राजनगर और पिलखवार क्षेत्र में व्यवस्थाओं का जायजा लिया.
अधिकारियों की सक्रियता से मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर प्रशासनिक तैयारियों का अंदाजा लगाया जा रहा है. मुख्यमंत्री के काफिले के आवागमन को सुगम बनाने के लिए यातायात व्यवस्था को लेकर भी विशेष तैयारी की जा रही है.
डीएसपी ट्रैफिक सुजीत कुमार, ट्रैफिक इंस्पेक्टर नीलमणि समेत यातायात पुलिस के अन्य पदाधिकारी माल गोदाम रोड से पिलखवार और राजनगर राज कैंपस तक विभिन्न मार्गों का निरीक्षण करते नजर आये. अधिकारियों की ओर से यह सुनिश्चित करने की तैयारी की जा रही है कि मुख्यमंत्री के कारकेड के आवागमन के दौरान मार्ग पर यातायात बाधित नहीं हो और आम लोगों को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े.
कारकेड के वाहनों की भी की जा रही व्यवस्था
मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर उनके कारकेड में शामिल होने वाले वाहनों की व्यवस्था के लिए परिवहन विभाग के कर्मियों को भी मुस्तैद देखा गया. संभावित रूट पर वाहनों की आवाजाही, पार्किंग और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों के बीच समन्वय बनाया जा रहा है.
बताया जा रहा है कि मुख्यमंत्री राजनगर राज कैंपस में कुछ समय बिताने के बाद सड़क मार्ग से पिलखवार पहुंचेंगे. वहां शिवनाथ झा के आवास पर निजी कार्यक्रम में शामिल होने के बाद उनके आगे के कार्यक्रम के संबंध में प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी गयी है.
मुख्यमंत्री के दौरे का कार्यक्रम प्रशासन की ओर से सार्वजनिक नहीं किये जाने के बावजूद शनिवार को राजनगर और पिलखवार क्षेत्र में प्रशासनिक गतिविधियां तेज रहीं. सड़कों पर पुलिस और यातायात अधिकारियों की मौजूदगी तथा वाहनों की तैयारियों से मुख्यमंत्री के आगमन की चर्चा पूरे क्षेत्र में बनी रही.
यह भी पढ़ें
Benipatti Liquor Seizure: पिकअप वैन से 6000 बोतल नेपाली देसी शराब बरामद, चालक वाहन छोड़कर फरार
