Madhubani News: बाबूबरही थाना क्षेत्र के खोजपुर-सलखनिया कोसी नहर सड़क पर मवेशी व्यापारी से हुई 4 लाख 80 हजार रुपये की लूट का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा करने का दावा किया है. पुलिस ने मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लूटी गई पूरी राशि, घटना में प्रयुक्त दो बाइक, एक देशी पिस्टल और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है.
मवेशी बेचकर लौट रहे थे पिता-पुत्र
थानाध्यक्ष राहुल कुमार ने बताया कि बरुआर गांव निवासी समीम और उनके पुत्र नसीम मवेशी खरीद-बिक्री का कारोबार करते हैं. दोनों बुधवार को खजौली थाना क्षेत्र के भकुआ गांव निवासी मो. इसराइल की पिकअप किराये पर लेकर फारबिसगंज गए थे. वाहन चालक मो. सरफाज था.
फारबिसगंज में मवेशी बेचने के बाद मिले 4.80 लाख रुपये सुरक्षित रखने के लिए चालक की सीट के नीचे रख दिए गए. गुरुवार सुबह करीब पांच बजे जब पिकअप खोजपुर-सलखनिया कोसी नहर सड़क पर पहुंची तो पहले से घात लगाए अपराधियों ने वाहन रोक लिया.
पिस्टल के बट से हमला कर लूटे रुपये
अपराधियों ने पिस्टल के बट से समीम और नसीम पर हमला कर उन्हें घायल कर दिया और नगदी लेकर खजौली की ओर फरार हो गए. घटना के बाद चालक दोनों घायलों को उनके घर छोड़कर अपने घर चला गया.
चालक की निशानदेही पर चार आरोपी गिरफ्तार
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने जांच शुरू की और संदेह के आधार पर चालक मो. सरफाज को हिरासत में लेकर पूछताछ की. पूछताछ में उसने पूरी साजिश का खुलासा कर दिया.
उसकी निशानदेही पर भकुआ गांव के मो. छोटू उर्फ सारुल, मो. सरफराज, मो. रिजवान और वोल्टा उर्फ आविद मियां को गिरफ्तार किया गया. पुलिस ने वोल्टा उर्फ आविद मियां के पास से 4 लाख 70 हजार रुपये तथा छोटू उर्फ सारुल के पास से एक देशी पिस्टल और एक जिंदा कारतूस बरामद किया.
पहले से बनाई गई थी लूट की योजना
पुलिस जांच में सामने आया कि चालक मो. सरफाज वर्ष 2024 के अरेर लूटकांड का भी आरोपी रह चुका है और कुछ दिन पहले ही जेल से छूटा था. उसने पहले से ही लूट की योजना बना ली थी और बुधवार शाम अपने साथियों को इसकी जानकारी देकर वारदात को अंजाम दिलाया.
थानाध्यक्ष राहुल कुमार ने बताया कि मामले में गिरफ्तार सभी आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है.
