मधुबनी: अरेर थाना की गश्ती गाड़ी सोमवार की देर रात अरेर काली मंदिर के पास अचानक अनियंत्रित होकर आगे जा रहे बाइक सवार से टकरा गयी. हादसे में बाइक सवार गंभीर रूप से जख्मी हो गया. घायल की पहचान अरेर थाना क्षेत्र के भदुली गांव निवासी लालू यादव के रूप में की गयी है. उसे इलाज के लिए मधुबनी के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
दुकान बंद कर बाइक से घर लौट रहा था युवक
मिली जानकारी के अनुसार, लालू यादव अरेर चौक के पास कपड़े की दुकान चलाते हैं. सोमवार रात दुकान बंद करने के बाद वह बाइक से अपने घर लौट रहे थे. इसी दौरान पीछे से आ रही अरेर थाना की गश्ती गाड़ी अचानक अनियंत्रित होकर उनकी बाइक से टकरा गयी.
टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया. वहीं गश्ती गाड़ी सड़क के दक्षिण दिशा में लगे बिजली के पोल को तोड़ते हुए एक मकान की दीवार से जा टकरायी.
हादसे के बाद जुटी भीड़, लोगों ने किया सड़क जाम
घटना के बाद मौके पर काफी संख्या में लोगों की भीड़ जुट गयी. घायल लालू यादव को आनन-फानन में इलाज के लिए मधुबनी के एक निजी अस्पताल भेजा गया, जहां उनका इलाज चल रहा है. हादसे से आक्रोशित लोगों ने पुलिस प्रशासन के विरोध में सड़क जाम कर दिया. इससे कुछ समय के लिए यातायात बाधित रहा.
समझाने के बाद हटाया गया जाम
अरेर थाना के एसआइ अमित कुमार ने मौके पर पहुंचकर आक्रोशित लोगों को समझाया-बुझाया. इसके बाद लोगों ने सड़क जाम समाप्त कर दिया और यातायात सुचारू हो सका.
