Madhubani CMR rice pending: मधुबनी जिले में कस्टम मिलिंग राइस (CMR) जमा करने की अंतिम समय सीमा समाप्त होने के बाद सहकारिता विभाग ने सख्त रुख अपना लिया है. जिले में कुल 11 पैक्स अध्यक्षों पर 520 मीट्रिक टन (एमटी) चावल बकाया रह गया है. जिला सहकारिता विभाग ने समय पर चावल जमा न करने वाले पैक्स अध्यक्षों के खिलाफ राशि वसूली और प्राथमिकी (FIR) दर्ज कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी है.
289 पैक्स व व्यापार मंडलों ने की थी धान की खरीद
सहकारिता विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, इस सीजन में मधुबनी जिले के 289 पैक्स और व्यापार मंडलों ने किसानों से धान की खरीद की थी. खरीदे गए धान के एवज में पैक्स अध्यक्षों द्वारा राज्य खाद्य निगम (SFC) को कुल 68,409 एमटी चावल उपलब्ध कराया जाना था.
हालांकि, अंतिम तिथि बीत जाने तक राज्य खाद्य निगम को 67,608 एमटी चावल ही प्राप्त हो सका, जो कुल लक्ष्य का लगभग 98.9 प्रतिशत है.
7 पैक्स ने ऑनलाइन दिया चावल, 11 पर रह गया बकाया
जिला सहकारिता पदाधिकारी (DCO) सुदर्शन कुमार ने बताया कि अंतिम चरण में जिन 18 पैक्सों पर बकाया था, उनमें से 7 पैक्स अध्यक्षों ने 281 एमटी चावल ऑनलाइन माध्यम से जमा कर दिया. लेकिन शेष 11 पैक्स अध्यक्ष अंतिम तिथि तक 520 एमटी चावल जमा करने में असमर्थ रहे.
किस पैक्स पर कितना चावल है बकाया? (बकाया सूची)
विभाग द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार डिफ़ॉल्टर पैक्सों की सूची इस प्रकार है:
- गंगापुर पैक्स: 211.79 एमटी
- उतरा पैक्स: 85.87 एमटी
- शिबीपट्टी पैक्स: 84.96 एमटी
- ड्योढ़ा दक्षिण पैक्स: 77.76 एमटी
- सलेमपुर पैक्स: 56.85 एमटी
- रजौली पैक्स: 52.99 एमटी
- धनछिहा पैक्स: 26.70 एमटी
- कोरहिया पैक्स: 25.70 एमटी
- इनरवा पैक्स: 8.52 एमटी
- नया बाखर पैक्स: 0.23 एमटी
बकाएदारों से होगी वसूली, दर्ज होगी प्राथमिकी
डीसीओ सुदर्शन कुमार ने बताया कि लगातार मॉनिटरिंग के कारण इस वर्ष 98.9% यानी 1 खरब 62 करोड़ रुपये मूल्य का चावल राज्य खाद्य निगम को प्राप्त हो चुका है (बैंक से धान खरीद के लिए कुल 1 खरब 65 करोड़ रुपये का सीसी स्वीकृत किया गया था.उन्होंने स्पष्ट किया कि विभागीय नियमों के तहत जिन 11 पैक्स अध्यक्षों पर चावल बकाया रह गया है, उनसे राशि वसूली की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है. इसके साथ ही उनके खिलाफ थाने में प्राथमिकी भी दर्ज कराई जाएगी.
