सफलता. लोगों से एटीएम का नंबर व पासवर्ड लेकर करता था जालसाजी
मधुबनी : साइबर क्राइम के आरोपित को नगर थाना की पुलिस ने सोमवार शाम को थाना क्षेत्र के निधि चौक से गिरफ्तार किया. सदर डीएसपी कुमार इंद्रप्रकाश ने बताया कि नगर थाना कांड संख्या 9/17 में कलुआही थाना के शुभंकरपुर निवासी वयोवृद्ध विशंभर चौधरी के एटीएम की जानकारी लेकर 48 हजार रुपये की निकासी कर लिया था. पुलिस की छानबीन में गिरफ्तार आरोपित सोनू कुमार के पास से उक्त सिम बरामद किया है, जिसके माध्यम से जालसाजी की गयी थी.
तीन मोबाइल व आठ सिम बरामद
गिरफ्तार सोनू कुमार के पास से तीन मोबाइल, आठ सिम कार्ड, दो पैन कार्ड, दो फोटो पहचान पत्र एवं 2200 रुपये बरामद किया गया है. डीएसपी ने बताया कि सोनू कुमार वैशाली जिला के बलिया गांव थाना के अगरैल गांव का मूल निवासी है. उसने दर्जनों लोगों से एटीएम के माध्यम से रुपये निकासी की है.
वह अपने को किसी बैंक का शाखा प्रबंधक बनकर फोन करता था एवं भोले-भाले लोगों को अपने बात में उलझा कर उससे खाता संख्या एवं एटीएम नंबर व पिन की जानकारी लेकर साइबर क्राइम करता था. उसके साथ इससे सहयोगी के रूप में जामताड़ा झारखंड का लखी मंडल एवं लक्ष्मीपुर जिला जमुई के राजेश सिंह भी सहयोगी के रूप में कार्य करता था. डीएसपी ने बताया कि पीड़ित लोगों का एटीएम से निकला रुपये पेटीएम के माध्यम से निकाल लेता था.
हत्या मामले का भी आरोपित
उक्त गिरफ्तार आरोपित पर मुजफ्फरपुर थाना में मर्डर केस का मामला भी चल रहा है. उन्होंने कहा कि उक्त आरोपित प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना के नाम पर 7.75 लाख रुपया व्यवसाय के लिए दिलाने के नाम पर भी फोन कर कई लोगों को चूना लगा चुका है. डीएसपी ने बताया कि नगर थानाध्यक्ष अरुण कुमार राय, अवर निरीक्षक धीरज कुमार एवं रंजीत कुमार ने इस मामले का खुलासा किया है. एसपी से इन पुलिस अधिकारियों को पुरस्कृत करने के लिए अनुशंसा करेंगे.
