मधुबनी से रमण कुमार मिश्र की रिपोर्ट
Madhubani News: जिलाधिकारी आनंद शर्मा ने समाहरणालय परिसर में ‘सेवा-संवाद-समाधान’ अनुश्रवण प्रणाली के तहत आमजनों से सीधा संवाद किया. ‘सबका सम्मान-जीवन आसान’ कार्यक्रम के माध्यम से डीएम ने कार्यालय कक्ष में लोगों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और संबंधित अधिकारियों को समाधान के कड़े निर्देश दिए. इस पहल का मुख्य उद्देश्य प्रशासन और जनता के बीच की दूरी को कम करना और सरकारी कार्यों में आने वाली बाधाओं को दूर करना है.
बिजली बर्बादी और अत्यधिक बिल पर जताई चिंता
जनसंवाद के दौरान घोघरडीहा के कुमार संजीव ने नगर पंचायत में दिन में भी स्ट्रीट लाइट जलने और बिजली के दुरुपयोग की शिकायत की. वहीं, सूरतगंज की मुन्नी देवी ने खराब मीटर और अत्यधिक बिजली बिल माफी के लिए आवेदन दिया. जिलाधिकारी ने विद्युत विभाग को इन शिकायतों पर तत्काल संज्ञान लेने को कहा.
विकास कार्यों और अनियमितता की भी हुई शिकायत
खुटौना प्रखंड के शिवशंकर कुमार साह ने वासुदेवपुर पंचायत में पीसीसी सड़क निर्माण और तटबंध की मांग रखी. इसके अलावा, मुरेठ पंचायत में धान खरीद में पैक्स अध्यक्ष द्वारा बरती जा रही अनियमितता का मामला भी सामने आया. शिक्षा विभाग से जुड़ी शिकायत में विशिष्ट शिक्षिका डौली कुमारी ने अपने बकाया वेतन और एरियर भुगतान का मुद्दा उठाया.
पारदर्शी और जवाबदेह प्रशासन की ओर कदम
जिलाधिकारी आनंद शर्मा ने स्पष्ट किया कि प्रशासन आम जनता के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है. उन्होंने सभी पदाधिकारियों को प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध और पारदर्शी समाधान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया ताकि नागरिकों को दफ्तरों के चक्कर न काटने पड़ें. कार्यक्रम में अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने भी अपने कक्षों में उपस्थित रहकर जन-सुनवाई की.
