फुलपरास : धर्म को राजनीति से अलग रखने की जरूरत है. लोग भगवती दुर्गा की पूजा आराधना दुष्टों के संहार और समाज में सुख शांति के लिये करते हैं. यह सदियों से परंपरा कायम है. आज के जमाने में भी सत्य और असत्य के बीच लड़ाई जारी है. हम सभी को सत्य का साथ देकर देश के विकास में अपनी भूमिका निभानी चाहिए. उक्त बातें भाजपा प्रदेश अध्यक्ष नित्यानंद राय ने रामनगर गांव में दुर्गा मंदिर के उद्धाटन के मौके पर उपस्थित समाज के लोगों से कही.
श्री राय ने कहा कि जिस तरह महिषासुर के बध के लिये देवताओं ने मां दुर्गा का सहारा लिया था और समाज से दुष्टों का विनाश किया गया था उसी प्रकार आज भी समाज में कुछ मानव रूपी राक्षस हैं जिनका नाश एक जुट मिलकर करना होगा. हमें अपने मन से बुरे विचारों का त्याग कर अच्छे व सद्गुण लाने होंगे. उन्होंने दुर्गा मंदिर निर्माण के लिये विजय यादव को साधुवाद दिया. समारोह की अध्यक्षता सांसद वीरेंद्र कुमार चौधरी ने की.
