लदनियां प्रखंड कार्यालय में सैकड़ों की संख्या
में पहुंचे थे सदस्य
करीब 300 लोगों का नाम सूची से गायब होने का लगा रहे थे आरोप
लदनियां : मतदाता सूची से नाम गायब कर दिये जाने से आक्रोशित मछुआरों ने प्रखंड कार्यालय परिसर पहुंच जमकर हो हंगामा किया. इस दौरान आक्रोशित लोगों ने आरटीपीएस कार्यालय में घुस कर तोड़ फोड़ भी किया है. जानकारी के अनुसार सीमावर्ती प्रखंड लदनियां में आगामी महीने में संभावित मत्स्य सहयोग साख समिति के चुनाव को लेकर मतदाता सूची में नाम दर्ज करवाने व दिये गए आवेदन के आलोक में दर्ज सूची का प्रकाशन करवाने को लेकर गुरुवार को प्रखंड सह अंचल कार्यालय में सीधपकला, हरही, सीधपा, गजहारा, गिदवास समेत अन्य गांवों से लोग पहुंचे थे. प्रदर्शन करने वाले आक्रोशित मल्लाह जाति के लोगों का कहना था
कि पूर्व में क्षेत्र में कुल 462 सदस्य थे. पर गलत तरीके के इनमें से करीब 300 लोगों का नाम अधिकारी के मिली भगत से सूची से गायब कर दिया गया है. अब सूची में मात्र 162 लोगों का ही नाम दर्ज है. मछुआरों का कहना था कि साल 2012 में हुए चुनाव में जिस सूची को आधार माना गया था उसी सूची के आधार पर चुनाव करायी जाय. प्रदर्शन कर रहे लोगों का नेतृत्व कर रहे सुरेंद्र कुमार सहनी के साथ साथ शिव कुमार मुखिया विनोद सहनी, रतन मुखिया, संजय सहनी समेत सैकड़ों लोगों ने आरोप लगाते हुए कहा कि सदस्यों के साथ विभाग लगातार अनदेखी कर रही है. उधर निर्धारित कार्यक्रम के तहत प्रखंड बाल बिकास परियोजना कार्यालय का जांच करने पहुंचे एसडीओ जयनगर राघवेंद्र सिंह ने प्रदर्शन के दौरान लोगो द्वारा किये गए तोड़ फोड़ से कार्यालय को हुए नुकसान को लेकर तुरंत कार्रवाई करते हुए आक्रोशित प्रदर्शनकारियों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज करने का निर्देश दिया है. दिया गया निर्देशानुसार प्रधान सहायक सोने लाल ठाकुर ने प्राथमिकी दर्ज करने को लेकर स्थानीय थाने में लिखित आवेदन दिया है. जिसके आधार पर प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है. समाचार लिखे जाने तक प्राथमिकी दर्ज नहीं की जा सकी थी.
