सतर्कता. पुलिस की मौजूदगी के बीच हुई महज खानापूरी
मधुबनी : जूड़शीतल पर्व के दौरान लहेरियागंज, जितवारपुर गांव में वर्षों से चली आ रही पत्थर फेंक खेल पुलिस की चाक चौबंद व्यवस्था के बीच इस साल महज औपचारिकता भर रह गयी. विभिन्न थानों से आये पुलिस के जवान, थाना प्रभारी व प्रशासनिक अधिकारियों के काफिला दस बजे दिन से ही जमा हो गया था. इस दौरान पुलिस शांति व्यवस्था बनाये रखने के लिए एसडीओ सदर अभिलाषा कुमारी शर्मा एवं डीएसपी सदर कुमार इंद्र प्रकाश ने संयुक्त आदेश निकाला है. इससे सुरक्षा के दृष्टिकोण से तीन क्षेत्रों में बांट कर सेक्टर मजिस्ट्रेट की तैनाती कर दी गयी थी.
तीन सेक्टर मजिस्ट्रेट की तैनाती.पत्थर फेंक खेल के दौरान शांति एवं विधि व्यवस्था के लिए रघुनीदेहट के तरफ के बगीचा एवं लहेरियागंज के लिए सेक्टर मजिस्ट्रेट के रूप में प्रखंड विकास पदाधिकारी संजीत कुमार मालेनगर बगीचा एवं जितवारपुर उच्च विद्यालय क्षेत्र में श्रीकांत कुमार सिन्हा अंचलाधिकारी रहिका, मंगरपट्टी एवं शिवीपट्टी में नंदन कुमार अंचलाधिकारी रहिका सेक्टर मजिस्ट्रेट के रूप में प्रतिनियुक्त थे. इसके अलावे भारी संख्या में पुलिस अधिकारी एवं जवान मौके पर निगरानी के लिए मौजूद थे. वहीं पुलिस निरीक्षक सह थानाध्यक्ष नगर थाना सिंघानिया चौक, काली मंदिर, गंगासागर चौक, हवाई हड्डा, थानाध्यक्ष राजनगर मंगरपट्टी एवं नकटी तथा थानाध्यक्ष बाबूबरही ग्राम बथुआहा में पुलिस जवानों के साथ गश्ती कर निगरानी कर रहे थे.
एसडीओ व डीएसपी कर रहे थे निगरानी. जितवारपुर आम की गाछी में सदर एसडीओ अभिलाषा कुमारी शर्मा एवं डीएसपी सदर कुमार इंद्र प्रकाश विधि व्यवस्था की निगरानी के लिए मौके पर मौजूद थे. जितवारपुर गांव के निवासी विशंभर झा, कृष्ण झा आदि ने बताया कि प्रशासन द्वारा लाउडस्पीकर के माध्यम से जितवारपुर, मारर, रघुनी देहट, पिलखवार एवं मंगरौनी सहित अन्य गांवों में यह पत्थर फेक खेल के परंपरा को नहीं मनाने का अनुरोध ग्रामीणों से किया है. क्योंकि इससे जान माल की सुरक्षा को खतरा रहता है. प्रशासन के द्वारा की गई पहल का असर भी देखने को मिल रहा है.
लोगों के आवाजाही पर रोक नहीं . रोड़ेबाजी की खेल को रोकने के लिये पुलिस हर स्तर पर सतर्कता बरत रही थी. जिस किसी पर भी रोड़ेबाजी में शामिल होने के लिये संदेह हो रहा था. उसे पुलिस लगातार जांच कर रही थी. जांच में संदिग्ध लोगों को तत्काल ही वापस कर दिया जाता था. पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्कता बरत रही थी. हालांकि रोड़ेबाजी की खेल में शामिल होने के लिये लोगों की भारी भीड़ जमा होने लगी थी. दिन भर लोग सड़कों पर जमा थे.
युवाओं की संख्या अधिक थी.
पत्थर खेल को लेकर प्रशासन सतर्क
