विवाद. सूचना मिलते ही पहुंचे अधिकारी, 10 थानों की पुलिस कर रही कैंप
मधुबनी : राजनगर थाना के भगवतीपुर में एक 16 साल के किशोर को एक व्यक्ति ने जमकर पीटा. जिसके बाद क्षेत्र में तनाव पैदा हो गया. घायल युवक को प्रशासन ने इलाज के लिये सदर अस्पताल भेजा, जहां पर युवक का इलाज किया जा रहा है. इधर, युवक की पिटाई के बाद लोगों ने दो गुटों में मारपीट होने की अफवाह फैला दी. पर प्रशासन की सतर्कता के कारण किसी भी प्रकार का हादसा नहीं हो सका. सूचना मिलते ही डीएम गिरिवर दयाल सिंह, एसपी दीपक बरन वाल,
एसडीओ अभिलाषा कुमारी शर्मा, एसडीपीओ कुमार इंद्रप्रकाश, एएसपी ए के पांडेय, निधि रानी सहित करीब 10 थानों की पुलिस भगवतीपुर पहुंची व मामले को शांत करने की पहल की. जानकारी के अनुसार शनिवार की सुबह 6 बजे एक गुट का 16 वर्षीय युवक शौचालय के लिए मैदान की ओर गया था. इसी बीच तालाब किनारे दूसरे गुट के एक नौजवान ने उसे पकड़ लिया व उसकी जमकर पिटाई की. पीड़ित युवक के नाक से खून निकलने लगा. पीड़ित लड़का किसी प्रकार अपने घर पहुंचा व घटना का जिक्र परिवार के लोगों से किया. इसके बाद दोनो गुट में तनाव हो गया. आसपास के लोग जुटने लगे इसी बीच प्रशासन को इसकी जानकारी मिली व प्रशासनिक अमला व भारी पुलिस बल घटना स्थल पर पहुंच गया. एसडीओ सदर अभिलाषा कुमारी शर्मा ने पीड़ित बच्चे को तत्काल स्तर पर इलाज कराया एवं चिकित्सकों ने उसे सदर अस्पताल रेफर कर दिया. प्रभारी डीएस डा. एससी राय व डा. ललन प्रसाद साह ने पीड़ित लड़के का इलाज किया.
पुलिस कर रही कैंप. घटना के बाद एक बार फिर पूरा क्षेत्र छावनी में तब्दील हो गया है. पुलिस व प्रशासनिक आला अधिकारियों के साथ साथ करीब 10 थानों की पुलिस रामपट्टी से लेकर गौसनगर, भगवतीपुर व आस पास के गांव में कैंप कर रही है. वही प्रशासनिक अधिकारी गांव समाज के गणमान्य लोगों को लेकर गांव में घूम घूम कर लोगों से शांति बनाये रखने की अपील कर रही है. पूरा क्षेत्र पुलिस अधिकारी व जवानों से भरा हुआ है.
