सुविधा. स्वास्थ्य केंद्र में रविवार को लाल रंग, तो सोमवार को बिछेगी बैंगनी चादर
मधुबनी : स्वास्थ्य विभाग में अब हर दिन अलग-अलग रंग की चादर दिखेगी. इसके तहत रविवार को लाल रंग की चादर मरीजों के बेड पर बिछायी जायेगी तो सोमवार को बैंगनी रंग की . इसी प्रकार अन्य दिनों में भी अलग-अलग रंग की चादर बेड पर रहेगी. इस दिशा में स्वास्थ्य महकमा ने पहल करते हुए सदर अस्पताल सहित सभी पीएचसी व एपीएचसी के लिये कुल 2400 चादर मंगायी गयी है. जिसे जल्द ही सभी पीएचसी, अनुमंडलीय अस्पताल में भेज दिया जायेगा.
ऐसे होगा चादर का वितरण : प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र फुलपरास दो सेट, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लखनौर छह सेट, अनुमंडलीय अस्पताल फुलपरास 15 सेट, अनुमंडलीय अस्पताल झंझारपुर 20 सेट , अनुमंडलीय अस्पताल जयनगर 30 सेट, सदर अस्पताल 94 सेट
अभी नहीं बदला जाता है चादर : सोमवार को अस्पताल के पुरुष सर्जिकल वार्ड में किसी बेड पर नारंगी रंग की चादर बिछी थी. तो किसी बेड पर मरीज अपने ही चादर बिछाये हुए थे. मरीजों ने बताया कि बेड पर बिछायी जा रही चादर इतनी गंदी रहती है कि उस पर मरीज को सुलाया नहीं जा सकता. मरीज के परिजनों ने बताया कि एक मरीज को कई कई दिनों तक चादर बदल कर नहीं दी जाती है.
अब एक ही चादर को स्वास्थ्य संस्थानों के रोगी बेड पर धोकर नहीं बिछायी जायेगी. प्रतिदिन अलग-अलग रंगों की चादर रोगी के बेड पर बिछायी जायेगी. संबंधित एजेंसी द्वारा जिले के स्वास्थ्य केंद्रों के लिए जिला दवा भंडार में सतरंगी चादरों की आपूर्ति कर दी गयी है. इस संबंध में सीएस ने सभी स्वास्थ्य संस्थानों को जिला दवा भंडार से चादरों का उठाव करने का निर्देश जारी किया गया है. सदर अस्पताल में हर दिन अलग अलग चादर बिछे इसके लिये 94 सेट चादर उपलब्ध करा दी गयी है. जानकारी के अनुसार एक सेट में सात चादर दी जायेगी. वहीं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में प्रति स्वास्थ्य केंद्र सात सेट सतरंगी चादर का उठाव किया जायेगा.
मरीजों को नहीं होगी चादर की शिकायत
सभी स्वास्थ्य संस्थानों में दिन के अनुसार प्रतिदिन अलग-अलग रंगों की चादर रोगी के बेड पर बिछायी जायेगी. ताकि किसी भी मरीज को चादर से कोई शिकायत नहीं होगी. यदि सोमवार को हरी चादर बिछी तो फिर हरी चादर अगले सोमवार को ही बेड पर बिछेगी. सरकार ने मरीजों को स्वच्छ व सफाई युक्त के लिए यह अभियान चलाया.
डाॅ. अमरनाथ झा, सिविल सर्जन
हर दिन अलग अलग रंग
रविवार : लाल रंग
सोमवार : बैंगनी
मंगलवार : आसमानी
बुधवार : नीला
गुरुवार : हरा
शुक्रवार : पीला
शनिवार : नारंगी
