मधुबनी : एसबीआइ क्षेत्रीय कार्यालय के क्षेत्रीय प्रबंधक अजित कुमार पोद्दार ने कहा है कि रुपये की लेन-देन को लेकर ग्राहक घबराएं नहीं. इसके लिए बैंक प्रबंधन द्वारा हर स्तर के तैयारी कर ली गयी है. शाखा स्तर पर नोट बदलने की तथा जमा करने की समुचित व्यवस्था कर रही है. उन्होंने ग्राहकों से अपील की है वे केवल आवश्यकतानुसार ही 500 तथा 1000 के नोट बदलें. बांकि नोट वे अपने जमा या ऋण किसी भी खाते में किसी भी सीमा तक जमा कर सकते है.
साथ ही आवश्यकता पड़ने पर निकाल सकते है. एटीएम के निकासी की सुविधा पर बताते हुए उन्होंने कहा कि इससे ग्राहक 11 नवंबर से निकासी कर सकते है. जिससे अभी दो हजार रुपया प्रतिदिन निकासी की जा सकती है. शाखा से चार हजार रुपये तक के नोट बिना खाते में जमा किये हुए बदले जा सकते है. एक दिन में दस हजार रुपये तक एवं एक सप्ताह में 20 हजार रुपये तक बैंक से निकाले जा सकते है. इसके लिए ग्राहकों को बैंक की तरफ से निर्धारित फॉर्म दिया जायेगा.
जिसे भरकर तथा पहचान पत्र की जो बैंक खाता खोलने के समय ली जाती है की छाया प्रति जमा करनी होगी. उन्होंने कहा कि ग्राहक किसी के बहकावे में न आएं. बैंक की ओर से ग्राहकों को जागरूक करने के लिए पर्याप्त संख्या में बैनर पोस्टर लगाये जा रहे है. अगर ग्राहक को किसी तरह की परेशानी हो तो नजदीकी शाखा के प्रबंधक से मिलकर जानकारी प्राप्त कर सकते है. 12 नवंबर को लोक अदालत में ऋण समझौता में ग्राहक अपनी पहचान पत्र के साथ 500 एवं 1000 के नोट जमा कर सकते हैं.
