गड़बड़ी. कैनाल के किनारे गिरायी जा रही मिट्टी, प्रशासन अनजान
विनोदानंद कालोनी के समीप मालगोदाम रोड में अज्ञात लोगों ने शुरू की मिट्टी भराई
मधुबनी : नगर प्रशासन व जिला प्रशासन के नाक के नीचे विनोदानंद कॉलोनी के समीप मालगोदाम रोड में राज कैनाल में मिट्टी भराई का काम अज्ञात लोगों ने शुरू कर दिया है. मंगलवार की सुबह से लेकर दिन भर करीब सौ ट्रैक्टर मिट्टी गिरा दी गयी है.
राज कैनाल को पूरी तरह भरने का षडयंत्र होता रहा. बाद में यहां पर मजदूर रखकर मिट्टी को ठीक करने की पहल शुरू की गयी. इसकी सूचना लोगों ने नप प्रशासन व स्थानीय प्रशासन को दी. इन लोगों ने प्रशासन की ओर से किसी भी प्रकार के मिट्टी भराई का काम खुद करने या किसी को आदेश दिये जाने से भी इनकार कर दिया. जब तक स्थानीय वार्ड पार्षद, प्रशासन पहुंचता तब तक मजदूर भाग निकले. इस घटना के बाद दिन भर जिले भर में तरह तरह की चर्चाएं होती रही.
खोजबीन में जुटा प्रशासन
इस घटना के बाद से नप प्रशासन मिट्टी भरने वालों की खोज में जुट गयी है. वहीं एक सफाई कर्मी को भी नप प्रशासन ने तैनात कर दिया है. इसके साथ ही वार्ड पार्षद को भी स्थिति पर नजर रखने को कहा गया है. मुख्य पार्षद खालिद अनवर ने बताया है कि नप ने किसी को भी राज कैनाल में मिट्टी भरने का आदेश नहीं दिया है. वहीं कार्यपालक पदाधिकारी जटाशंकर झा ने बताया है कि दोषी व्यक्ति की खोज की जा रही है. कार्रवाई होनी तय है.
लोगों ने दी नप प्रशासन को सूचना
भू माफिया पर शक की सूई
जिले मुख्यालय के बीचों बीच सरकारी जमीन पर अज्ञात लोगों द्वारा मिट्टी भराने की घटना में भू माफिया की ओर शक की सूई जा रही है. जिस प्रकार की घटना हुई है.
उससे यह संदेह जताया जा रहा है कि राज कैनाल के जमीन को गलत तरीके से भू माफिया कब्जा जमाना चाहते हैं. इससे पूर्व भी शहर के कई प्रमुख सरकारी जमीन को इसी प्रकार भू – माफियाओं ने कब्जा जमा लिया है. मालगोदाम रोड में मंगलवार को अवैध तरीके से कई फुट में कैनाल की भराई कर दी गयी. देर शाम तक मिट्टी भरने का काम किया जाता रहा.
