पहल. नहीं चलेगी लापरवाही, पकड़ी जायेगी काम चोरी
कर्मचारियों के काम पर रहेगी नजर
मधुबनी : नगर परिषद में काम करने वाले सफाई कर्मी, वाहन चालक व नप के कर्मी की लापरवाही अब नहीं चलने वाली है. नप प्रशासन इन पर अंकुश लगाने की पहल शुरू कर दी है. लेट लतीफी पर रोक लगाने के लिये बायोमीटरिक सिस्टम से हाजिरी बनायी जायेगी तो कर्मियों पर नजर रखने के लिये नप कार्यालय में विभिन्न जगहों पर सीसीटीवी कैमरा लगा दिया गया है. वहीं हर वाहन में जीपीएस सिस्टम लगायी जायेगी जिससे सफाई कर्मी की मनमर्जी व काम से लापरवाही पर नजर रखी जायेगी. नप प्रशासन की मानें तो इन तीनों व्यवस्था को एक सप्ताह के अंदर शुरू कर दिया जायेगा. हालांकि तत्काल ही सीसीटीवी कैमरा लगा दिया गया है.
जीपीएस से होगा वाहन लैस
सफाई कर्मियों पर अब जीपीएस से नजर रखी जायेगी. इससे शहर में साफ सफाई की व्यवस्था भी सुचारु रूप से हो सकेगी तो कर्मियों की मनमानी व वाहनों से इंधन की कथित तौर पर चोरी व सफाई कर्मी की मनमानी पर रोक लग सकेगी. नप सू्त्रों का कहना है कि इससे पूर्व यदि सफाई कर्मी को किसी खास मुहल्ले में सफाई के लिये भेजा जाता था तो सफाइ कर्मी कई बार उस मुहल्ले में ना जाकर अन्य चले जाते थे.
कई बार वे वाहनों का उपयोग अपने निजी काम के लिये भी कर लेते थे. सूत्रों का कहना है कि कई बार उम्मीद से अधिक ईंधन की खपत हो जाती थी. पर अब इन सभी मामलों पर रोक लग सकती है. नप के हर वाहन में जीपीएस प्रणाली लागू कर दिया गया है. इससे वाहन कहां, कब, किस मुहल्ले में कितने देर तक रुकी है और इसमें कितने ईंधन दिया गया है या निकाला गया है इसकी भी पूरी जानकारी मिल सकेगी. इससे पारदर्शिता के साथ साथ काम भी सुचारु रूप से हो सकेगा. लापरवाही व चोरी करने वालों पर कार्रवाई भी हो सकेगी. नप से मिली जानकारी के अनुसार कार्यपालक पदाधिकारी के साथ साथ करीब दस वाहन हैं. जिसमें जीपीएस लागू किया जायेगा.
कैमरे की जद में कर्मी
नप की सुरक्षा व काम पर निगरानी के लिये सीसीटीवी कैमरा लगा दिया गया है. फिलहाल यह केवल कार्यालय के विभिन्न जगहों पर ही लगी है, पर योजना शहर के हर प्रमुख चौक चौराहो पर भी लगाने की है. अधिकारियों का कहना है कि इससे नप की सुरक्षा व्यवस्था भी दुरुस्त हो सकेगा. दूसरी कि नप के कर्मी के काम पर भी पूरी तरह से नजर रखी जा सकेगी.
नप में लगा सीसीटीवी
नगर परिषद कार्यालय में लगा सीसीटीवी कैमरा.
बायोमीटरिक मशीन से बनेगी हाजिरी
नप की एक परेशानी सालों से रही है. कई कर्मी तय समय से काफी विलंब से आते व समय से पहले चले जाते रहे हैं. पर ऐसे कर्मी की ये लापरवाही भी अब नहीं चलने वाली है. नप प्रशासन ने इस पर भी अंकुश लगाने की दिशा में पहल शुरू कर दी है. नप की कार्यशैली को सुधारने के दिशा में एक पहल बायोमीटरिक मशीन से हाजिरी बनाना भी शामिल है.
तीनों योजनाओं को किया जायेगा लागू
कार्यशैली को व्यवस्थित करने व काम में पारदर्शिता बरतने के दिशा में नप ने पहल की है. एक सप्ताह के अंदर तीनों योजना को लागू कर दिया जायेगा. इससे शहर की साफ सफाई में सुधार व खर्च पर भी अंकुश लग सकेगा. लापरवाही बरतने वाले कर्मियों पर कार्रवाई भी की जायेगी.
जटाशंकर झा, कार्यपालक पदाधिकारी
