मधुबनी : राजनगर थाना क्षेत्र के पिलखबार गांव से विगत माह अपहृत विवाहिता का अब तक सुराग नहीं लग सका है. ना ही इस कांड के आरोपितों की गिरफ्तारी ही पुलिस कर सकी है. जिससे आरोपितों का मनोबल इस कदर बढ़ गया है कि अब वे विवाहिता की छोटी बहन के अपहरण की धमकी भी खुले तौर पर देने लगा है. इस मामले को लेकर अपहृता की छोटी बहन ने जिला पदाधिकारी एवं सहायक बाल संरक्षण इकाई को आवेदन देकर सुरक्षा की गुहार लगायी है. इधर इस मामले मे डीएसपी ने भी पर्यवेक्षण रिपोर्ट सौंप कर पुलिस को आरोपितों को गिरफ्तार करने का आदेश दिया है.
क्या है मामला
थाना में दिये प्राथमिकी के अनुसार 2 मई 16 की रात पिलखवार गांव की एक विवाहिता का कथित तौर पर गांव के ही बबलू कामत, राजू कामत, विद्या देवी ने घर से बुलाकर अपहरण कर लिया. बाद में इस मामले को लेकर सुजीत कुमार ठाकुर के बयान पर राजनगर थाना में प्राथमिकी दर्ज करायी गयी. जिसमें बबलू कामत सहित उक्त तीनों को आरोपित बनाया गया. मामले का पर्यवेक्षण डीएसपी कुमार इंद्रपकाश ने किया.
आरोपित को गिरफ्तार करने का दिया आदेश
पर्यवेक्षण रिपोर्ट में डीएसपी कुमार इंद्र प्रकाश ने थाना प्रभारी को मामले के आरोपितों के गिरफ्तारी का आदेश दिया. उन्होंने कहा कि घटना की जांच के दौरान अपहरण का मामला सत्य प्रतीत होता है. ऐसे में आरोपित की गिरफ्तारी जल्द से जल्द होनी चाहिए. आरोपित के फरार रहने की स्थिति में कुर्की जब्ती करने का निर्देश दिया. पर अब तक ना तो आरोपित की गिरफ्तारी हो सकी है और ना ही कुर्की जब्ती.
जल्द गिरफ्तार होंगे आरोपित
इस बाबत डीएसपी कुमार इंद्र प्रकाश ने बताया है कि जल्द ही आरोपित पुलिस के गिरफ्त में होंगे.
आरोपित दे रहे अब छोटी बहन को अगवा करने की धमकी
दसवीं कक्षा की छात्रा ने जिला पदाधिकारी से लगायी गुहार
मामला, पिलखबार गांव में विवाहिता के अपहरण का
सुरक्षा की लगायी गुहार
आरोपित लोगों ने वादी के छोटी बहन का भी अपहरण किये जाने की धमकी दी है. इस मामले को लेकर दसवीं कक्षा की नाबालिग छात्रा ने जिला पदाधिकारी एवं बाल संरक्षण निदेशक से रक्षा की गुहार लगायी है.
