आक्रोश. सप्ता गांव में ट्रांसफाॅर्मर जल जाने से विद्युत आपूर्ति बाधित
लोगों को भीषण गरमी में हो रही परेशानी
बच्चों की पढ़ाई बाधित
मधुबनी : बिजली विभाग के रवैये से आजिज आकर सप्ता गांव के अहमद नगर मुहल्ले के निवासियों ने सोमवार को रहिका – मधुबनी मुख्य पथ को जाम कर दिया. दरअसल सप्ता गांव में एक सप्ताह से ट्रांसफाॅर्मर जल जाने से विद्युत आपूर्ति बाधित हो गयी है. लोगों को भीषण गरमी में परेशानी हो रही है. बच्चों की पढ़ाई बाधित हो रही है. जामकर्ताओं का कहना था कि एक सप्ताह से बिजली नहीं रहने से हाहाकार मचा है. लोगों को रात में सोना मुश्किल हो गयी हैं. कई बार विभाग को इसकी सूचना लिखित व मौखिक दी गई , पर अब तक ट्रांसफाॅर्मर नहीं बदला गया.
जबकि हमलोग नियमित बिजली विपत्र का भुगतान करते हैं. विभाग द्वारा किसी भी तरह की कार्रवाई नहीं करने पर आजिज आकर सड़क जाम करना पड़ा.
ये लोग जल्द से जल्द विद्युत बहाल की मांग कर रहे थे. जाम करने वालो में मो. जाकिर, इसराइल, अफाक अहमद, रोशन आरा, मुरतुजा सहित अन्य थे.
