मधुबनी : राजनगर थाना क्षेत्र के बेल्हबाड़ गांव में 11 हजार तार के चपेट में आने से एक टेंपो चालक की मौत शनिवार को हो गयी. मृतक की पहचान रघुनी देहट निवासी 30 वर्षीय पवन पासवान के रूप में की गयी है. सुबह में वह शंकर चौक से कलुआही जाने वाले पैसेंजर को लेकर जा रहा था. टेंपो पर चापाकल का पाइप भी लदा था.
जिसे बेल्हबाड़ गांव में उतारने के दौरान लोहे का पाइप जमीन से महज कुछ ही उंचाई से गुजर रहे 11 हजार पावर के तार के संपर्क में आ गया. जिससे उसकी घटना स्थल पर ही मौत हो गयी. घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय विधायक रामप्रीत पासवान, थाना पुलिस घटना स्थल पर पहुंच गयी. पुलिस ने लाश को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कर लाश को परिजन को सौंप दी है. इधर विधायक ने मृतक के आश्रित को 15 लाख रुपये मुआवजा व नौकरी दिये जाने की मांग की है.
मौत की खबर सुनते ही परिवार में कोहराम मच गया. मृतक के घर में कमाने वाला अकेला व्यक्ति था. वहीं बिजली विभाग के कार्यपालक अभियंता संतोष कुमार भी मृतक को देखने सदर अस्पताल आये. कार्यपालक अभियंता ने कहा कि मृतक के परिजन को विभाग से हर संभव सहायता दिलाने का प्रयास किया जायेगा.
