मधुबनीः मंगरौनी स्थित पीएनबी शाखा परिसर में गुरुवार को पीएनबी बैंक द्वारा विशेष किसान शिविर का आयोजन किया गया. इस शिविर में 593 किसानों के बीच तीन करोड़ 25 लाख रुपये का केसीसी व अन्य कृषि ऋण स्वीकृत किया गया.
शिविर में उपस्थित किसानों को संबोधित करते हुए जोनल हेड पीके जैन ने कहा कि पंजाब नेशनल बैंक किसानों व छात्रों को ऋण देने में सदेव अग्रणी बैंक की भूमिका निभायी है. किसान सूखे की मार से परेशान हैं. ऐसी स्थिति में इन्हें कृषि ऋण देना समय की मांग है. किसान समय से ऋण अदा कर आगे भी वृहत पैमाने पर ऋण ले सकते हैं.
वहीं जिला कृषि पदाधिकारी केके झा ने कहा कि यह जिला हर वर्ष सुखाड़ या बाढ़ से प्रभावित होता है. जिस कारण किसानों की जहां उपज कम हो जाती है वहीं अर्थ व्यवस्था पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है. ऐसी स्थिति में किसान दुबारा अपने खेत में फसल लगाने में असमर्थ हो जाते हैं. लेकिन बैंक द्वारा ऋण देकर किसानों को सहायता देना काफी सकारात्मक पहल है. सरकार भी किसानों के उत्थान व इनकी स्थिति को सुधारने के लिये ना सिर्फ योजना संचालित कर रही है.
बल्कि समय समय पर कृषि ऋण देकर आर्थिक रूप से भी सहायता प्रदान करती है. सरकार के इस प्रयास का लाभ उठा कर किसान अपने खेत में अच्छी फसल प्राप्त कर सकते हैं. इस अवसर पर कई विभागीय अधिकारी व किसान उपस्थित थे.
