बेनीपट्टी : लालू यादव ओर नीतीश कुमार के शासनकाल में बिहार लगातार पिछड़ता ही गया. जिस लालू प्रसाद को अतिपिछड़ा, महादलित व दलितों ने मत देकर लगातार 15 साल तक शासन करने का मौका दिया. उसी लालू के शासनकाल में लगातार इन जातियों का शोषण किया जाता रहा.
ये बाते केंद्रीय पेयजल व स्वच्छता राज्यमंत्री रामकृपाल यादव ने बेनीपट्टी विधानसभा के बसैठ से परिवर्तन रथ को रवाना करते हुए शुक्रवार को कहीं. उन्होंने कहा कि लालू आज वहीं भाषण दे रहे है जो पिछले 15 साल पहले दिया करते थे. इतने दिनों तक अगर शोषितों व वंचितों का विकास नहीं हुआ तो अब ये लोग क्या विकास करेंगे. वहीं श्री यादव ने नीतीश कुमार पर तंज कसते हुए कहा कि नीतीश अवसरवादी है.
भाजपा के सहयोग से सरकार बना लिया. फिर बिहार के संस्कार के उलट मोदी व अन्य भाजपा नेताओं के आगे से खाने का पत्ता छीन लिया. मोदी जब बिहार को पैकेज की घोषणा नहीं किये थे तो दोनों भाई कब घोषणा होगा, कहते फिर रहे थे. जब घोषणा हुई तो दोनों भाई बेहोश होकर अनाप शनाप बोलने लगे.
इससे पूर्व विधायक विनोद नारायण झा ने बेनीपट्टी विधानसभा क्षेत्र में केंद्रीय मंत्री का स्वागत मिथिला के रीति रिवाज के अनुसार पाग दोपटे से किया. कार्यक्रम का संचालन प्रमोद कुमार चौधरी ने किया. वहीं अध्यक्षता मंडल अध्यक्ष कृष्णोश्वर ठाकुर ने किया.मौके पर विधायक अशोक यादव, पूर्व विधान पार्षद कामेश्वर चौपाल, जिलाध्यक्ष घनश्याम ठाकुर, विधान पार्षद सुमन कुमार महासेठ मौजूद थे.
