झंझारपुर(मधुबनी) : सर्वसीमा गांव स्थित भवनाथ राजकीय मध्य विद्यालय में सोमवार को मध्याह्न् भोजन की सब्जी में छिपकली पायी गयी. इसके खाने से स्कूल के 90 छात्र बीमार हो गये.
गले व पेट दर्द की शिकायत के बाद अधिकांश छात्रों को अनुमंडलीय अस्पताल झंझारपुर में भरती कराया गया. पांच छात्रों को स्लाइन चढ़ाया जा रहा है, शेष को छुट्टी दे दी गयी. वहीं छिपकली की बात सुनते ही स्कूल के शिक्षक व प्रभारी एचएम बच्चों को उसी हालत में छोड़ कर फरार हो गये. इसके विरोध में अभिभावकों ने कुछ देर के लिये सड़क जाम कर प्रदर्शन किया. साथ ही एसडीओ से शिकायत कर एचएम को निलंबित कर कार्रवाई करने की मांग की है.
सिविल सजर्न डॉ ओमप्रकाश प्रसाद ने बताया कि बच्चों में डर समा गया है. गले में दर्द की शिकायत है. वहीं पांच छात्रों ने गला व पेट दर्द के अलावे उल्टी की शिकायत की है. उन्हें भरती किया गया है. अन्य को छुट्टी दे दी गयी है. एसडीओ समेत अन्य अधिकारी अस्पताल में कैंप कर रहे हैं. सीओ हेमंत कुमार दास व बीइओ विजय कुमार को सब्जी की जांच कराने का निर्देश दिया गया है. बची सब्जी को जब्त कर लिया गया है.
छिपकली की बात सुनते ही शिक्षक फरार
स्कूल के प्रथम वर्ग में पढ़ने वाले छात्र सौरभ कुमार भोजन कर रहा था. इसी दौरान उसने सब्जी में मरी छिपकली देखी. वह शोर मचाने लगा. इस पर छात्र जुट गये. इसके बाद प्रभारी एचएम समेत अन्य शिक्षक वहां आये और सब्जी को हटा दिया. तब तक अभिभावकों की भीड़ स्कूल में आने लगी, तो सब्जी फेंक कर प्रभारी एचएम योगेंद्र सिंह शिक्षकों के साथ फरार हो गये.
इससे ग्रामीण आक्रोशित हो गये और सड़क जाम कर प्रदर्शन करने लगे. तभी तीन छात्रों ने गले व पेट में दर्द की शिकायत की. इसके बाद अभिभावक बच्चों को लेकर झंझारपुर ले गये. एक घंटे बाद बच्चों की तादाद बढ़ने लगी और डेढ़ बजे तक 90 बच्चों को लाया गया था.
सात डॉक्टरों की टीम इलाज में जुटी
करीब 12 बजे अस्पताल में तीन छात्रों को लाया गया. इसके आधा घंटे बाद नौ छात्रों को फिर लाया गया. डेढ़ बजे तक अस्पताल में इलाज के लिए 90 बच्चे लाये गये. इससे अस्पताल में अफरा-तफरी का माहौल बन गया. इसके बाद सिविल सजर्न के निर्देश पर लखनौर, झंझारपुर समेत आसपास के पीएचसी से डॉक्टरों को बुला कर बीमार छात्रों का इलाज कराया गया. हालात को देखते हुए सिविल सजर्न ने सात डॉक्टरों की टीम बनायी गयी.
स्कूल में जांच के लिये अधिकारियों को भेजा गया था. लेकिन छिपकली वाली बात सामने नहीं आयी है. भोजन का सेंपल जांच के लिए दरभंगा भेजा गया है. जांच में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी पायी गयी, तो दोषी के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जायेगी.
गिरिवर दयाल, डीएम
