अपराधियों ने व्यवसायी के घर पर बोला धावा
अंधराठाढ़ी (मधुबनी) : अंधराठाढ़ी बाजार स्थित रेलवे गुमटी के पास किराना व्यवसायी बेचन गुप्ता के घर पर शनिवार देर रात अपराधियों ने धावा बोल कर नकदी सहित करीब 30 लाख से अधिक की संपत्ति लूट ली.विरोध करने पर व्यवसायी बेचन गुप्ता की छुरा व सूआ (बोरा सिलनेवाला) घोंप कर हत्या कर दी, जबकि उनके पिता व पत्नी को मारपीट कर घायल कर दिया. उनका इलाज स्थानीय अस्पताल में चल रहा है. वारदात को अंजाम देने के बाद अपराधी भागने में सफल रहे. व्यवसायी का घर थाना से महज पांच सौ गज की दूरी पर है.
इधर, घटना से आक्रोशित लोग रविवार को दिन भर पुलिस व प्रशासन के खिलाफ हंगामा करते रहे. सुबह करीब आठ बजे ही लोगों की भीड़ थाना पहुंच गयी. इस दौरान लोगों ने कुछ सामान को भी तोड़ दिया. इसके बाद बाजार की सड़कों को जाम कर दिया. व्यवसायियों ने दिन भर बाजार बंद रखा.
बाजार स्थित रेलवे गुमटी पर झंझारपुर से लौकहा जाने वाली डाउन सवारी गाड़ी को करीब डेढ़ घंटे तक रोके रखा. सूचना पर मौके पर पहुंचे एसपी राजेश कुमार को लोगों ने दो घंटे तक घेरे रखा. घटना के बाद एसपी ने तत्काल ही अंधराठाढ़ी थानाध्यक्ष रंजीत कुमार को निलंबित कर दिया. वहीं पुलिस ने दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है. मामले की जांच के लिए श्वान दस्ता व फोरेंसिक टीम को भी बुलाया है.
पहले व्यवसायी की हत्या की
परिजनों ने बताया कि अपराधियों ने व्यवसायी की हत्या करने के बाद सबसे पहले उनके कमरे में लूटपाट की. उसके बाद बारी-बारी से अन्य कमरों की भी तलाशी ली. अलमारियों में रखे जेवरात सहित करीब 30 लाख की संपत्ति लूट ली.
का अनुमान लगाया गया है. हालांकि पुलिस फिलहाल लूट के आकलन में जुटी हुई है. बताया जाता है कि अपराधियों ने पौने घंटा तक वारदात को अंजाम दिया.
जल्द पकड़े जायेंगे अपराधी
घटना किसी संगठित गिरोह ने अंजाम दिया है. वारदात से पहले व्यवसायी व उसके घर की पूरी जानकारी रखी गयी थी. इसलिए घटना को एकबारगी में अंजाम दिया गया है. मामले की जांच के लिये श्वान दस्ता व फोरेंसिक टीम को बुलाया है. दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है. जल्द ही घटना को अंजाम देने वाले गिरोह का खुलासा कर दिया जायेगा.
राजेश कुमार, एसपी
