मधुबनी : वार्ड नंबर-7 की वार्ड पार्षद रूमी देवी के घर में घुस कर कुछ लोगों ने गुरुवार को उनके परिजनों के साथ मारपीट की और सामान को क्षतिग्रस्त कर लूटपाट किया. मारपीट में वार्ड पार्षद के घर के दो सदस्य घायल हो गये. उन्हें सदर अस्पताल में भरती कराया गया है.
नगर थाना क्षेत्र के प्राइवेट बस स्टैंड के नजदीक अवस्थित वार्ड पार्षद के घर में सुबह साढ़े नौ बजे कुछ लोग जबरदस्ती घुसकर मारपीट करने लगे. वार्ड पार्षद रूमी देवी ने बताया कि बीते रात भूकंप के भय से परिवार के सदस्य जगे हुए थे.
गुरुवार सुबह चार बजे के बाद ही घर के सदस्य सो पाये थे. 9.30 बजे सारे लोग सोये हुए थे कि राम बाबू राम, श्याम राम, मनोज राम, शिबू राम, राहुल राम, रोहित राम, नित्यानंद मिश्र सहित कई लोग घर में घुस कर तोड़ फोड़ करने लगे. लोगों की नींद खुलने पर श्याम राम ने अजरुन मंडल के सिर पर तेज धारदार हथियार से हमला किया. सिर को बचाने में अजरुन मंडल का कान कटकर गिर गया. इस बीच राम बाबू राम ने सोनू के सिर पर दबिया से हमला कर दिया. इससे उसका सिर फट गया.
हमलावरों ने घर में रखे टीवी को भी पटकर फोड़ डाला एवं वार्ड पार्षद के गले से सोने की चेन व पांच हजार रुपये लेकर भाग गये. वार्ड पार्षद ने बताया कि इसकी सूचना तुरंत नगर थाना को दी गयी. थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को सदर अस्पताल में भरती कराया. नगर थानाध्यक्ष कुमार कीर्ति ने बताया कि घायलों के फर्द बयान के बाद प्राथमिकी दर्ज की जायेगी. जांच में दोषी पाये जाने पर आरोपित के विरुद्ध कार्रवाई की जायेगी.
