मधुबनी : खजौली थानांतर्गत मारपीट की घटना में मृत ज्ञानचंद पासवान का पोस्टमार्टम प्रशासनिक देख रेख में सदर अस्पताल में संपन्न हुआ. पूरे पोस्टमार्टम के दौरान अस्पताल परिसर एवं पोस्टमार्टम हाउस में वीडियोग्राफी करायी गयी.
सदर अस्पताल के चिकित्सक डॉ. पी मिश्र ने मृतक का पोस्टमार्टम किया. इस दौरान सदर एसडीओ शाहिद परवेज, सदर डीएसपी कामोद प्रसाद, नगर थानाध्यक्ष सह निरीक्षक कुमार कीर्ति, रहिका, कलुआही व खजौली के थानाध्यक्ष पुलिस बलों के साथ मौजूद थे. सदर एसडीओ शाहिद परवेज ने बताया कि मृतक के परिजन को तत्काल कबीर अंत्येष्ठी योजना एवं पारिवारिक लाभ योजना का 23 हजार रुपये दिया जा रहा है.
साथ कल्याण विभाग द्वारा दी जाने वाली तीन हजार के मासिक पेंशन व सात लाख रुपये अनुदान के लिए अनुशंसा किया गया है. सदर डीएसपी कामोद प्रसाद ने बताया कि गिरफ्तार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया जायेगा व घटना में शामिल लोगों की पहचान कार्रवाई जा रही है.
