सूबे की जनता भाजपा के साथ:सूमो
मधुबनी : पूर्व उपमुख्यमंत्री व भाजपा नेता सुशील कुमार मोदी ने कहा है कि लालू के सहारे नीतीश कुमार बिहार में जंगल राज की वापसी चाहते हैं. जिस जंगल राज के खात्मा के लिये भारतीय जनता पार्टी ने डेढ़ दशक से अधिक समय तक संघर्ष किया, उसकी पुर्नवापसी बिहार में किसी भी कीमत पर नहीं होने देंगे.
जनता एक बार लालू- राबड़ी की शासन में अपराध व अन्याय का स्वाद चख चुकी है. नीतीश कुमार बिहार में दोबारा इस व्यवस्था को स्थापित करने की कोशिश कर रहे हैं, जिसे कभी भी सफलीभूत नहीं होने दिया जायेगा. सूबे की जनता भाजपा के साथ और नीतीश लालू के खिलाफ खड़ी है. वे शनिवार को शहर के टाउन क्लब मैदान में चौपाल स्वाभिमान सह अधिकार महासम्मेलन को संबोधित कर रहे थे.
श्री मोदी ने कहा कि चौपाल समुदाय को जाति व अनुसूचित जाति का दर्जा मिलना भाजपा के संघर्ष का परिणाम है. इसके लिये खासकर पूर्व विधान पार्षद व भाजपा नेता कामेश्वर चौपाल ने भाजपा के सहयोग से काफी संघर्ष किया. केंद्र में पूर्व की कांग्रेस सरकार ने चौपाल समुदाय को अनुसूचित जाति का दर्जा देने से साफ इंकार किया था. पर भाजपा नीत केंद्र में नरेंद्र मोदी की सरकार ने इसका रास्ता साफ किया और चौपाल को अनुसूचित जाति का दर्जा मिला. उन्होंने कहा कि एक लड़ाई में हमने चौपाल समुदाय को दर्जा दिलाने में सफलता हासिल की, अब धरातल पर संवैधानिक अधिकार के लिये लड़ाई लड़ेंगे.
जबकि आजकल नीतीश व लालू इस जीत का ढ़िंढ़ोरा पीटने में लगे हैं. चार माह बाद बिहार में विधान सभा का चुनाव है. अगर सूबे में भाजपा की सरकार बनेगी तो चौपाल जाति को मिले अनुसूचित जाति के दर्जा के अनुरूप सभी अधिकार दिये जायेंगे.
साथ ही समुदाय के लोगों को उनका वाजिब हक बगैर किसी झंझावात के मिल सके. इसके लिये जरूरी है कि पूरी ताकत और एकता के साथ भारतीय जनता पार्टी के पक्ष में गोलबंद होकर आने वाले विधान सभा चुनाव में मतदान करें. श्री मोदी ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर महादलितों का अपमान करने का आरोप लगाते हुये कहा कि सत्ता मद में चूर नीतीश कुमार आजकल महादलितों के अपमान करने का बीड़ा उठाये बैठे हैं.
पहले पूर्व सीएम जीतन राम मांझी को अपमानित कर सत्ता से बेदखल किया. अब सरकार के वरिष्ठ मंत्री रमई राम को पूर्वी चंपारण के प्रभारी मंत्री से हटाकर बेइज्जत किया.
पहले दलित व महादलितों से वोट लेकर सत्ता में बैठे. और अब कुरसी के नशा में अपमानित कर रहे हैं. इसका खामियाजा नीतीश व लालू को आने वाले विधानसभा चुनाव में भुगतना होगा. उन्होंने मधुबनी जिला के सभी दलितों व महादलितों का आह्रान किया है कि आने वाले चुनाव में नीतीश व लालू के खिलाफ वोट डालकर इस अपमान का बदला जरूर ले और सबक सिखावें. महासम्मेलन के दौरान युवक कांग्रेस के जिला महासचिव रहे अरविंद पूर्वें को भाजपा की सदस्यता दिलाई व माला पहना कर पार्टी में स्वागत किया.
भाजपा जोड़कर बिहार को बढ़ायेगी : नंद किशोर
विधानसभा में प्रतिपक्ष के नेता नंद किशोर यादव ने कहा है कि भाजपा एकता में विश्वास करती है. अनेकता में नहीं. हमारी पृष्टभूमि ही ऐसी है कि हम समाज को जोड़कर चलते हैं. न कि तोड़ कर. जबकि कुछ लोग अपने तुच्छ राजनीतिक फायदे के लिए गरीब, दलित व महादलितो का सिर्फ इस्तेमाल करते हैं. ताकि सत्ता की कुरसी तक पहुंचा जा सके.
पर भारतीय जनता पार्टी गरीब व मजदूरों के हक व हुकूक की लड़ाई जज्बे के साथ लड़ती है. ताकि उनका बाजिब अधिकार मिल सके. उन्होंने कहा कि जब भारतीय जनता पार्टी बिहार में सत्ता में आयेगली तो पूरे जज्बे के साथ सूबे के विकास का काम करेगी. हम बांटकर नहीं जोड़कर बिहार को आगे बढ़ायेंगे.
दर्जा लिया है, अब अधिकार लेंगे: हुक्मदेव
मधुबनी के सांसद हुक्मदेव नारायण यादव ने कहा कि चौपाल समुदाय की संस्कृति समाज के अग्रणी पंक्ति की रही है. सतत समाज को ऊपर उठाने की कोशिश इन लोगों ने की है. पर सूबे की सरकार को इनके वोट से ही मात्र मतलब रहा है. उन्होंने कामेश्वर चौपाल के जज्बे की तारीफ करते हुए कहा कि इनका प्रयास नहीं होता तो इस समुदाय को अनुसूचित जाति का दर्जा नहीं मिल सकता. अब दर्जा मिला है तो अधिकार भी भाजपा लड़ कर ले ही लेगी.
अब कमजोर नहीं होने देंगे चौपाल की एकता: वीरेंद्र
झंझारपुर के सांसद वीरेंद्र कुमार चौधरी ने कहा कि सूबे में चौपाल समुदाय को कई टुकड़ों में बांट कर कमजोर कर रखा गया था. पहले तो इनकी पहचान ही गुम थी. पर कामेश्वर चौपाल जी प्रयास से और भाजपा की संघर्ष के बदौलत आज अनुसूचित जाति का दर्जा पाने में कामयाब हुए हैं. अब अधिकार को लेकर भी लड़ाई लड़ी जायेगी. यदि बिहार का विकास चाहिए तो भाजपा को सत्ता में लाना होगा. उन्होंने लोगों से भाजपा को मजबूत करने का आह्रवान किया .
संघर्ष से मिला अनुसूचित जाति का दर्जा : विनोद नारायण
बेनीपट्टी के भाजपा विधायक विनोद नारायण झा ने कहा कि चौपाल समुदाय को नीतीश कुमार व पूर्व कांग्रेस सरकार ने सिर्फ ठगने का काम किया था. दर्जा देने के सवाल पर कतराते रहे. पर भाजपा की संघर्ष ने सबको विवश कर दिया. कहा, मिथिलांचल की सभी सीटों पर भाजपा की जीत तय है. उन्होंने कहा कि इस चुनाव में कांग्रेस सहित अन्य दलों का सफाया हो जायेगा.
अब लड़ कर लेंगे अधिकार : कामेश्वर
भाजपा नेता कामेश्वर चौपाल ने कहा कि चौपाल समुदाय को लंबे संघर्ष के बाद अनुसूचित जाति का दर्जा मिला. लेकिन धरातल पर अब तक इन्हें कोई संवैधानिक लाभ नहीं दिया जा रहा है. सूबे में सरकार में बैठे लोग सिर्फ इस समुदाय को वोट के लिए ठगने का काम किया. पर जिस तरह भाजपा ने लड़ाई लड़कर अनुसूचित जाति का दर्जा लिया है. उसी तरह लड़कर हम अपना अधिकार भी लेंगे.
भाजपा सभी समुदाय का प्रतिनिधित्व करती है : रामदेव
मधुबनी के विधायक रामदेव महतो ने कहा कि चौपाल समुदाय को संगठित होकर शिक्षित होना होगा. तभी इन्हें कोई बरगला कर वोट नहीं ठगेगा. कहा कि इस बार के चुनाव में भी भाजपा की जीत तय है.
उन्होंने कहा कि देश में सिर्फ भाजपा ही ऐसी पार्टी है जो सभी समुदाय का प्रतिनिधित्व करती है. उन्होंने कहा कि भाजपा से ही विकास संभव है. उन्होंने लोगों से भाजपा के पक्ष में आने का आह्रवान किया. वहीं अरुण शंकर प्रसाद ने कहा कि भाजपा से ही बिहार का विकास संभव है.
जुलूस की शक्ल में आये अरविंद
कांग्रेस छोड़ कर वरिष्ट समाजसेवी अरविंद पूर्वे ने शनिवार को चौपाल स्वाभिमान सह अधिकार महासम्मेलन में भाजपा की सदस्यता ग्रहण की. कार्यक्रम के दौरान ही मंच पर भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मंगल पांडे, सुशील कुमार मोदी व नंदकिशोर यादव ने माला पहना कर इन्हें पार्टी में शामिल किया.
इससे पूर्व अरविंद के समर्थक टाउन क्लब मैदान में सैकड़ों की तादाद में जुलूस की शक्ल में पहुंची. जुलूस में बैंडबाजा के साथ भगवा टोपी पहने कार्यकर्ता ने अरविंद को मंच तक पहनाया. अरविंद के पार्टी में शामिल होने पर सांसद हुक्मदेव नारायण यादव, वीरेंद्र चौधरी, विधायक विनोद नारायण झा, रामदेव महतो, अरुण शंकर प्रसाद, संजय सरावगी, अशोक यादव, कामेश्वर चौपाल, मृत्युंजय झा, जिलाध्यक्ष भोगेंद्र ठाकुर, संजीव चौरसिया आदि ने स्वागत किया है.
