मधुबनी : गत दो दिनों में जिले के तीन थाना क्षेत्रों में हुई डकैती की घटनाओं के मद्देनजर शनिवार को दरभंगा प्रक्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक अमीत कुमार जैन ने शनिवार को जिले का दौरा किया. पुलिस अधीक्षक कार्यालय में एसपी राजेश कुमार के साथ डकैती की घटना की विस्तृत जानकारी आइजी ने लिया.
जिले में हो रही डकैती की इन घटनाओं को ले आइजी ने पुलिस अधिकारियों को फटकार लगाई और सख्ती के साथ कहा कि क्राइम को कंट्रोल करें. बैठक के बाद श्री जैन ने बताया कि थानाध्यक्षों को निर्देश दिया गया कि वे अपने थाना क्षेत्रों में सघन गश्त करें ताकि किसी भी प्रकार की आपराधिक घटना की पुनरावृत्ति न हो सके.
थानाध्यक्षों पर गिरेगी गाज
आइजी ने बताया कि आगे अगर इस तरह की घटना कि किसी भी क्षेत्र में घटती है तो थानाध्यक्ष पर सीधी कार्रवाई होगी. किसी भी सूरत में पुलिस की शिथिलता बरदाश्त नहीं की जायेगी. एसपी राजेश कुमार को सूचना तंत्र विकसित करने एवं खुफिया तंत्र को मजबूत करने का निर्देश दिया.
गिरोह चिह्न्ति
आइजी ने बताया कि झंझारपुर व लौकहा थाना क्षेत्र में हुए डकैती के मामले में गिरफ्तारी हुई है. अपराधी गिरोह को चिह्न्ति कर लिया गया है. वहीं, नगर थाना के भच्छी में हुई अधिवक्ता के घर डकैती की घटना में भी पुलिस को कुछ सुराग मिले हैं. पुलिस शीघ्र ही मामले का उद्भेदन कर लेगी.
