मधुबनी : शहर में रहने वाले लोगों के घर- घर जाकर सफाई कर्मी अब कचरा उठायेंगे. जो परिवार अपने घर के कचरा इन सफाई कर्मी के हाथों फेंकना चाहते हैं.
उन्हें मात्र एक रुपये रोज इन सफाई कर्मियों को देना होगा. दरअसल नगर परिषद (नप) प्रशासन ने शहर में साफ सफाई के लिए नयी योजना बनायी है. इसके तहत नप द्वारा चिह्न्ति एनजीओ का सफाई कर्मी लोगों के घर से एक रुपये लेकर कचरा उठायेगा.
इस योजना के तहत वैसे परिवार जो चौक- चौराहों तक रखे कचरा डब्बा में अपने घर का कचरा नहीं फेंक पाते हैं. उनके घर जाकर अब नप द्वारा प्रतिनियुक्त एनजीओ के सफाई कर्मी कचरा उठायेंगे. इसके लिये गृह स्वामी को मात्र एक रुपये शुल्क सफाई कर्मी को देना होगा.
हर घर जायेंगे कर्मी
कचरा उठाने के लिए एनजीओ के सफाई कर्मचारी हर दिन हर घर पर पहुंचेगा. उसके द्वारा सीटी बजाने पर आप अपने घर का कचरा एक रुपये कर्मचारी को देने के साथ ही कचरा डब्बा में डाल सकते हैं.
वार्ड पार्षदों ने की सराहना
नप के इस पहल की कई वार्ड पार्षदों ने सराहना की है. वार्ड पार्षद सुभाष चंद्र मिश्र, हेना कौसर, सुनीता देवी, सुमित्र देवी, रूमी देवी सहित अन्य कई पार्षदों ने बताया है कि इससे हर घर का कचरा साफ हो जायेगा.
