मधुबनी : जिले के शातिर अपराधी हरिहर नाथ यादव को शुक्रवार को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. उसकी गिरफ्तारी फुलपरास के सिसवा बरही से छापेमारी कर की गयी. एसपी मो. रहमान ने बताया कि शातिर हरिहरनाथ जिले में 32 अपराध कांडों का नामजद अभियुक्त है. पुलिस 25 कांडों में उसके खिलाफ चार्ज शीट दाखिल कर चुकी है.
उन्होंने बताया कि हरिहरनाथ यादव फुलपरास थाना के कांड संख्या 52/92 में कई धाराओं में आरोपित है. उस पर विस्फोटक पदार्थ अधिनियम का मामला भी दर्ज है. वह आजीवन कारावास की सजा भुगत रहा था व पेरोल पर बाहर आने के बाद फरार चल रहा था.
रंगदारी के कई आरोप. गिरफ्तार हरिहरनाथ यादव दहशत फैलाकर फुलपरास अनुमंडल में रंगदारी वसूल करता था. उस पर थाना में घुसकर अपराधी को छुड़ाने का गंभीर आरोप है. राजनीतिक वर्चस्व को लेकर भी कई बार स्थानीय लोगों से उसकी हिंसक झड़प हो चुकी है. इस क्षेत्र में हरिहरनाथ के बस का संचालन भी वही करता रहा है. एसपी ने बताया कि इस अपराधी के दहशत के कारण क्षेत्र में लोग इसके बारे में कोई सूचना नहीं देते थे.
थाना में घुस कर थानाध्यक्ष से करता था मारपीट
हरिहर पर फुलपरास थाना परिसर में घुस कर तत्कालीन थानाध्यक्ष डीएम मंडल के साथ मारपीट करने व गिरफ्तार अपराधी ओमप्रकाश यादव छुड़ाने का आरोप है. वहीं फुलपरास में ही वर्ष 2005 में भी थाना में घुसकर तत्कालीन थाना प्रभारी गोरख राम को मारपीट कर घायल कर फरार हो गया था. इस मामले में भी आरोपी पर फुलपरास थाना में कांड संख्या 78/5 दर्ज है. एसपी ने बताया कि गिरफ्तार अपराधी का कार्यक्षेत्र फुलपरास, घोघरडीहा, खुटौना प्रखंड रहा है. इसकी गिरफ्तारी को बड़ी राहत मिली है.
पुरस्कृत होंगे पुलिस कर्मी
एसपी ने कहा कि हरिहर की गिरफ्तारी में शामिल पुलिस कर्मियों को पुरस्कृत किया जायेगा. इसकी अनुशंसा की गई है. डीआइजी स्तर पर इन पुलिस कर्मियों को पुरस्कार दिया जायेगा. इनमें पुलिस निरीक्षक सह थानाध्यक्ष सनोवर खां, पुलिस निरीक्षक सिद्धेश्वर पासवान, पुलिस अवर निरीक्षक कमल राम, अनि अशोक कुमार, सुअनि विष्णु देव मंडल शामिल हैं. प्रेस वार्ता में डीएसपी कामोद प्रसाद, निरीक्षक कुमार कीर्ति, दिग्विजय सिंह उपस्थित थे.
