खजौली (मधुबनी) : थाना के दतुआर गांव में रविवार देर रात करीब 12 बजे डेढ़ दर्जन अपराधियों ने स्वास्थ्य कर्मी विनय सिंह सहित चार घरों में डाका डाला. इस दौरान नकदी समेत करीब 10 लाख की संपत्ति लूट ली. विरोध करने पर विनय सिंह के सिर पर तलवार से हमला कर उनकी हत्या कर दी. वहीं दो महिलाओं समेत चार लोगों को मारपीट कर घायल कर दिया. विनय सिंह जिला मुख्यालय स्थित एसीएमओ कार्यालय में स्टेनो के पद पर कार्यरत थे.
अपराधियों ने वारदात के दौरान तीन राउंड फायरिंग भी की. सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची, पर भनक मिलते ही अपराधी भाग निकले. पुलिस डकैतों की तालाश में सोमवार को दिन भर छापेमारी करती रही. देर रात ही स्वान दस्ता को मौके पर बुलाया गया, लेकिन पुलिस के हाथ कुछ नहीं लगा है.
गृहस्वामी गणोश सिंह ने बताया कि रात करीब 12 बजे अपराधियों की धमक का अहसास हुआ. सभी पट्टीदारों का घर एक ही आंगन में होने के कारण सटा हुआ है. करीब डेढ दर्जन से अधिक की संख्या में डकैतों ने सबसे पहले सभी के घर को घेर लिया. सबसे पहले सीढ़ी लगा कर विनय सिंह के घर में प्रवेश किया. मेन गेट का ताला कुल्हाड़ी से तोड़ कर अंदर घुसे और रिवाल्वर व तलवार का भय दिखाकर तिजोरी व आलमारी की चाबी मांगी. विनय सिंह के इनकार करने पर बदमाशों ने तलवार से उनके सिर पर कई प्रहार किया. इससे उनकी मौके पर ही मौत हो गयी. इसके बाद कुल्हाड़ी से आलमारी, बक्सा व पेटी तोड़ दिया. इसमें रखे करीब 25 हजार नकद व दो लाख रुपए के जेवरात लूट लिये. इस दौरान मृतक की पत्नी रीता देवी को मारपीट कर घायल कर दिया.
गृहस्वामी व डकैतों में हुई झड़प
इसके बाद डकैतों ने बगल के उदय सिंह के घर के मेन गेट का ताला तोड़ अंदर प्रवेश किया. गृहस्वामी ने बाद में खुद अन्य दरवाजे खोल दिये. गृहस्वामी ने प्रतिरोध किया तो तलवार से हमला कर उन्हें घायल कर दिया. बावजूद दोनों में काफी देर तक झड़प होती रही. बाद में आलमारी तोड़ 20 हजार नकद व दो लाख से अधिक के जेवरात और कीमती सामान लूट लिये. अपराधियों ने उदय सिंह की पत्नी सरस्वती देवी को भी लोहे के रॉड से हमला कर घायल कर दिया.
इसके बाद गणोश सिंह के घर पर धावा बोला. यहां अलग-अलग कमरे में रखी आलमारियों व बक्सांे को तोड़ कर 30 हजार नकद समेत चार लाख मूल्य की संपत्ति लूट ली. अंत विजय सिंह के घर पर धावा बोला. यहां नकदी समेत सवा दो लाख की संपति लूटी. घटना के क्रम में कोई भी ग्रामीण ने यहां आने की हिम्मत नहीं जुटा सका.
कोहरे का फायदा उठा भागे अपराधी
सूचना पर पुलिस रात करीब एक बजे मौके पर पहुंची. सायरन की आवाज सुनकर आपराधी कुहासे का फायदा उठाकर पीछे के दरवाजे से भाग निकले. पुलिस ने कुछ दूर तक उनका पीछा भी किया. देर रात ही करीब पौने दो बजे एसपी मो. रहमान व सदर डीएसपी कामोद प्रसाद दलबल के साथ पहुंचे और मृतक विनय सिंह के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा. इसके बाद एसपी ने मौके का देर तक मुआयना किया. अहले सुबह स्वान दस्ता की टीम को बुलाया गया. पर सोमवार शाम तक कुछ पता नहीं चल सका.
