शहर में भीषण जाम, एक किमी की दूरी तय करने में लगे दो घंटे
मधुबनी : शहर के विभिन्न मुख्य सड़कों पर शुक्रवार को जाम के कारण शहर वासी परेशान रहे. तेज धूप में सड़कों पर लोग जाम के कारण घंटों खड़े रहे. ना तो ट्रैफिक पुलिस और न ही नगर थाना की पुलिस जाम से निजात दिलाने में सफल रहे. शहर में आरके कॉलेज, बड़ी बाजार, बाबू साहेब […]
By Prabhat Khabar Digital Desk | Updated at :
मधुबनी : शहर के विभिन्न मुख्य सड़कों पर शुक्रवार को जाम के कारण शहर वासी परेशान रहे. तेज धूप में सड़कों पर लोग जाम के कारण घंटों खड़े रहे. ना तो ट्रैफिक पुलिस और न ही नगर थाना की पुलिस जाम से निजात दिलाने में सफल रहे.
शहर में आरके कॉलेज, बड़ी बाजार, बाबू साहेब चौक, सौराठ मोड़, जेएन कॉलेज, शंकर चौक, बाटा चौक, स्टेशन रोड, माल गोदाम रोड, गंगासागर चौक, महिला कॉलेज रोड, नंद होटल रोड सहित चारों ओर जाम का नजारा देखने को मिल रहा था. हाल यह था कि एक किमी की दूरी तय करने मेें लोगों को घंटों समय लग गया.
सड़क पर वाहन लगाने से समस्या. शहर में विभिन्न कालेजों एवं उच्च विद्यालयों में परीक्षा केंद्र रहने के कारण परीक्षा देने आने वाले छात्रों के अभिभावकों का दो पहिया वाहनों एवं चार पहिया वाहनों का यत्र तत्र सड़क किनारे लगना एवं शहर में चलने वाले ई रिक्शा का शहर सहित गलियों में लगने के कारण जाम लगा रहा. जाम के प्रमुख कारणों में शहर के मुख्य सड़क के दोनों ओर लगे दुकान के मालिकों द्वारा दुकान को सड़क पर अतिक्रमण कर आगे बढ़ाना भी एक कारण है.
जाम के कारण छोटे गलियों में भी जाम. शहर के मुख्य सड़कों पर जाम के कारण साइकिल व मोटर साइकिल चालक बेतरतीव ढंग से छोटे छोटे गलियों से होकर निकलने के चक्कर में कीर्तन भवन रोड, महादेव मंदिर रोड सहित अन्य छोटे गलियों में घुस गए. इन गलियों में अत्यधिक वाहनों के चले जाने के कारण छोटी गलियों में भी जाम लग गया.
जाम में फंसे शिक्षक महेश मंडल ने बताया कि शहर में अब मोटर साइकिल से चलना भी दुश्वार हो गया है. जिला प्रशासन शहर में प्रतिदिन लगने वाले जाम से निजात दिलाने के लिए सार्थक पहल नहीं कर रहा है. व्यवसायी गोपी बुबना ने कहा कि शहर में ट्रैफिक व्यवस्था नाम की कोई चीज नहीं है. ट्रैफिक पुलिस में लगाए गए जवान या तो बूढे हैं या फिर वो सही ढंग से कार्य न कर छांव में खड़े होकर समय काट लेते हैं. ऐसे में शहर की ट्रैफिक भगवान भरोसे ही चल रहा है.
व्यवसायी बौआ झा ने कहा शहर में जितने बड़े व्यावसायिक प्रतिष्ठान, बैंक या निजी कार्यालय सड़क के किनारे हैं. उनमें से किसी के पास पार्किंग की सुविधा उपलब्ध नहीं है. ऐसे में इन स्थानों पर आने वाले ग्राहकों का वाहन सड़क के किनारे यत्र तत्र लगे रहने के कारण सड़क की चौड़ाई कम हो जाती है. व्यवसायी दीपक कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि सड़क पर लेन नहीं रहने के कारण साइकिल, मोटर साइकिल सवार आगे निकलने की होड़ में अपना लेन छोड़कर आगे बढ़ने का प्रयास करते हैं इस कारण जाम लग जाता है.
15 जवानों की हुई है तैनाती
जाम के संबंध में एएसपी सदर कामनी बाला ने बताया कि शहर केप्रमुख सड़कों पर 15 होमगार्ड के जवान ट्रैफिक व्यवस्था में लगाए गए है. परीक्षा के कारण जाम की स्थिति बनी थी पर उसे तत्काल नगर थाना से फोर्स भेजकर हटा दिया गया.