मधुबनीः जिला मुख्यालय में बैंक के आसपास रुपये छीनने व डिक्की तोड़ने की घटना को जिला पुलिस प्रशासन ने गंभीरता से लिया है. अब ऐसे तत्वों पर पुलिस की पैजी नजर रहेगी. इसके लिए जिला पुलिस ने कवायद शुरू कर दी है. बैंक के आस पास तथा बैंकों में सादे वेश में पुलिस पदाधिकारी को तैनात कर दिया गया है. इसके साथ ही शहर में चोरी की घटना की रोकथाम के लिए भी पुलिस ने व्यापक रूप से पहल शुरू कर दी है.
मुख्यालय के बैंकों की सुरक्षा में अब नयी पहल शुरू कर दी गयी है. बैंक सुरक्षा गार्ड के अतिरिक्त सादे लिवास में पुलिस अधिकारी बैंक व उसके इर्द गिर्द तैनात है. नगर थानाध्यक्ष कुमार कीर्ति ने बताया कि पिछले कुछ महीनों से मुख्यालय बैंक से रुपये की निकासी करने वाले उपभोक्ताओं के रुपये छीनने व डिक्की तोड़ने की घटना को देखते हुए यह पहल की गयी है. प्राप्त जानकारी के अनुसार मुख्यालय स्थित एसबीआइ, पीएनबी, केनरा बैंक, सेंट्रल बैंक, बैंक ऑफ इंडिया सहित प्राय: सभी बैंक में सादे लिवास में पुलिस को तैनात कर दिया गया है.
मुख्यालय में कॉलोनियों में चोरी की घटना पर अंकुश लगाने की दिशा में भी पुलिस ने नयी रणनीति बनायी है. अब मोटर साइकिल से भी पुलिस पदाधिकारी रात्रि का गश्त करेंगे. इसके अलावे नाका नंबर 1 एवं नाका नंबर 2 के पुलिस जवान के साथ साथ नगर थाना पुलिस का एक जीप जिस पर पांच पुलिस जवान व एक पुलिस पदाधिकारी मौजूद रहते है. वे भी गश्ती में रहेंगे. नगर थानाध्यक्ष कुमार कीर्ति ने बताया कि जिन गलियों में चार पहिये वाहन से गश्ती नहीं हो पाती है. उस क्षेत्र की गश्ती के लिए चार मोटर साइकिल पर पुलिस अधिकारी गश्त करेंगे.
