सुनैना बनीं मधुबनी की मुख्य पार्षद

बनी नगर सरकार : 30 वार्ड पार्षदों में से 19 ने सुनैना देवी के पक्ष में किया मतदान मधुबनी : नगर निकाय की चुनाव प्रक्रिया शुक्रवार को शपथ ग्रहण एवं मुख्य पार्षद व उपमुख्य पार्षद के चुनाव के साथ ही खत्म हो गयी. मधुबनी मुख्य पार्षद की कुरसी पर सुनैना देवी काबिज हुई, तो वारिश […]

बनी नगर सरकार : 30 वार्ड पार्षदों में से 19 ने सुनैना देवी के पक्ष में किया मतदान
मधुबनी : नगर निकाय की चुनाव प्रक्रिया शुक्रवार को शपथ ग्रहण एवं मुख्य पार्षद व उपमुख्य पार्षद के चुनाव के साथ ही खत्म हो गयी. मधुबनी मुख्य पार्षद की कुरसी पर सुनैना देवी काबिज हुई, तो वारिश अंसारी उपमुख्य पार्षद बने. सुनैना देवी ने अपने प्रतिद्वंद्वी शबनम आरा को आठ मतों से पराजित किया.
30 वार्ड पार्षदों में से 19 ने सुनैना देवी के पक्ष में मतदान किया, जबकि 11 सदस्यों ने शबनम आरा के पक्ष में. वहीं उपमुख्य पार्षद के चुनाव में वारिश अंसारी को कुल 18 मत मिले, जबकि कैलास शाह को 12 मत हासिल हुए. वहीं जयनगर में ऐतिहासिक पहल होते हुए मुख्य पार्षद व उपमुख्य पार्षद दोनों ही निर्विरोध चुन लिये गये.
कैलाश पासवान को निर्विरोध मुख्य पार्षद चुना गया, जबकि दुर्गा देवी को उपमुख्य पार्षद. वहीं झंझारपुर नगर पंचायत के लिए मुख्य पार्षद के लिए हुए चुनाव में उषा देवी ने मात्र दो मतों से श्याम नारायण यादव को पराजित कर मुख्य पार्षद की कुरसी अपने नाम किया. उषा देवी को कुल नौ मत प्राप्त हुए. जबकि श्याम नारायण को सात मत. इसी
प्रकार उपमुख्य पार्षद के चुनाव में राघवेंद्र कुमार सिंह एवं विरेंद्र नारायण भंडारी ने नामांकन का परचा दाखिल किया, जिसमें विरेंद्र नारायण भंडारी को 10 मत एवं राघवेंद्र कुमार सिंह को मात्र छह मत मिले. वीरेंद्र नारायण भंडारी उपमुख्य पार्षद विजयी घोषित किये गये.
घोघरडीहा नगर पंचायत के अनिल कुमार मंडल मुख्य पार्षद , उपमुख्य पार्षद ध्रुव नारायण झा बने. ध्रुव इस पद पर निर्विरोध ही चुने गये. मुख्य पार्षद के लिए हुए चुनाव में अनिल कुमार मंडल एवं पार्षद श्रवण ठाकुर ने अपना – अपना नामांकन पत्र दाखिल किया.
नामांकन पत्र की जांच के बाद मतदान कराया गया. नौ वार्ड पार्षदो के द्वारा मताधिकार का प्रयोग किया गया. इसमें अनिल कुमार मंडल को छह मत और श्रवण ठाकुर को तीन मत मिले. निर्वाची पदाधिकारी श्री भगत के द्वारा मुख्य पार्षद के रूप में अनिल कुमार मंडल विजयी घोषित किये गये. जीत के बाद विजयी प्रत्याशी व समर्थकों ने रंग गुलाल उड़ाये व मिठाइयां बांटीं.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >