MADHEPURA: कट्टा के साथ युवक गिरफ्तार, नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी का आरोप

ग्रामीणों का आरोप है कि पकड़े गए युवक के पास से लोडेड कट्टा बरामद हुआ. इसके बाद डायल 112 पुलिस को सूचना दी गई. मौके पर पहुंची पुलिस युवक को हिरासत में लेकर थाना ले गई.

कुमारखंड(मधेपुरा)से पवन झ की रिपोर्ट:

मधेपुरा: श्रीनगर थाना क्षेत्र के मंगरवारा पंचायत स्थित बरई टोला वार्ड संख्या-06 में सोमवार की रात ग्रामीणों ने एक युवक को लोडेड कट्टा के साथ पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया. घटना के बाद इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं तेज हो गई हैं. मामले में दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर गंभीर आरोप लगाए हैं. पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है.

जानकारी के अनुसार सोमवार रात करीब साढ़े नौ बजे बाइक पर सवार तीन युवक स्थानीय निवासी कौशल कुमार के घर पहुंचे और रुपये की मांग करने लगे. इसी दौरान दोनों पक्षों के बीच विवाद शुरू हो गया. शोर-शराबा सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए. ग्रामीणों को देखते ही बाइक सवार दो युवक मौके से फरार हो गए, जबकि एक युवक को ग्रामीणों ने पकड़ लिया.

ग्रामीणों का आरोप है कि पकड़े गए युवक के पास से लोडेड कट्टा बरामद हुआ. इसके बाद डायल 112 पुलिस को सूचना दी गई. मौके पर पहुंची पुलिस युवक को हिरासत में लेकर थाना ले गई.

मामले को लेकर रोशन कुमार ने थाना में आवेदन देकर आरोप लगाया है कि सहरसा जिले के शिवपुरी निवासी मुकेश यादव उनके दरवाजे पर पहुंचकर गाली-गलौज कर रहे थे. परिवार के लोगों ने उन्हें समझाकर वहां से हटा दिया, लेकिन कुछ देर बाद वह दोबारा पहुंचे और कौशल कुमार पर कट्टा तान दिया. इसके बाद ग्रामीणों ने उन्हें पकड़ लिया.

वहीं गिरफ्तार मुकेश यादव ने पूरे मामले को साजिश बताया है. उनका कहना है कि वह नौकरी दिलाने के नाम पर लिए गए रुपये वापस मांगने मंगरवारा पहुंचे थे. उन्होंने आरोप लगाया कि कौशल कुमार ने उनकी पत्नी को सरकारी शिक्षिका की नौकरी दिलाने के नाम पर पांच लाख रुपये लिए थे, लेकिन नौकरी नहीं लगी. रुपये वापस मांगने पर उनके साथ मारपीट की गई और झूठे मामले में फंसाने के लिए कट्टा लगाकर पुलिस को सौंप दिया गया.

इधर थाना अध्यक्ष कृष्ण कुमार ने बताया कि दोनों पक्षों से आवेदन प्राप्त हुआ है. बरामद हथियार, वीडियो फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच की जा रही है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Shruti Kumari

श्रुति कुमारी एक पत्रकार और डिजिटल कंटेंट राइटर हैं। उन्होंने भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC) से अंग्रेजी पत्रकारिता में स्नातकोत्तर डिप्लोमा प्राप्त किया है। वर्तमान में वे प्रभात खबर डिजिटल में कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हैं। उन्हें विभिन्न प्लाटफॉर्म्स पर डिजिटल पत्रकारिता और कंटेंट राइटिंग का लगभग दो वर्षों का अनुभव है। अपने समाचार पोर्टल पर कार्य करते हुए उन्होंने समाचार लेखन और डिजिटल कंटेंट निर्माण में अनुभव हासिल किया। सामाजिक मुद्दों, महिला सशक्तिकरण, राजनीति, शिक्षा और लाइफस्टाइल जैसे विषयों पर लिखना उनकी विशेष रुचि का क्षेत्र है। इसके अलावा वे डिजिटल प्लेटफॉर्म के लिए स्क्रिप्ट राइटिंग करती हैं तथा हिंदी कविता और अंगिका भाषा में लेखन का भी शौक रखती हैं। प्रकृति से उनका विशेष लगाव है और वे मानती हैं कि संवेदनशील, तथ्यपरक और जनसरोकार से जुड़ी पत्रकारिता समाज में सकारात्मक बदलाव का माध्यम बन सकती है।

और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >