गश्ती के दौरान मिली सूचना के बाद भाग रहे आरोपी को पुलिस ने खदेड़कर पकड़ा, मौके पर ही की गई तलाशी और जब्ती –
उदाकिशुनगंज
थाना क्षेत्र में नशीले पदार्थों के खिलाफ चलाये जा रहे अभियान के तहत पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है. गश्ती के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि अवैध कोरेक्स का बिक्री हो रहा है. जहां सूचना के उपरांत उदाकिशुनगंज थाना में प्रतिनियुक्त दरोगा राजेश चौधरी, गृह रक्षक सिपाही विनोद यादव,विकाश कुमार सूचना स्थल नगर परिषद के वार्ड संख्या पांच के डोहटबारी निवासी मिथिलेश कुमार भगत के घर पर पहुंचे तो पुलिस वाहन को देखते ही घबराकर तेजी से भागने लगा. युवक की संदिग्ध गतिविधि को देखते हुए पुलिसकर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए उसे खदेड़कर पकड़ लिया. पकड़े गए युवक से जब पूछताछ की गई तो वह संतोषजनक जवाब नहीं दे सका. इसके बाद पुलिस ने विधिसम्मत तरीके से उसकी तलाशी ली गई. तलाशी के दौरान उसके घर के कमरे में रखे चौंकी पर से लगभग 10.23 ग्राम स्मैक (नशीला पदार्थ) बरामद किया गया. बरामदगी के बाद मौके पर ही पुलिस द्वारा जब्ती सूची तैयार की गई तथा गवाहों के समक्ष नशीले पदार्थ को जब्त किया गया. गिरफ्तार युवक की पहचान उदाकिशुनगंज थाना क्षेत्र डोहटबारी निवासी मिथलेश कुमार भगत पिता कालेश्वर साह के रूप में की गई है. गिरफ्तारी के उपरांत उन्होंने बताया कि ये स्मैक नीतीश कुमार पिता पिता अनिल कुमार यादव रजनी गोठ थाना मुरलीगंज निवासी से खरीदकर हम बाहर जाकर बेचते है.
पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध उदाकिशुनगंज थाना कांड संख्या 105/26 दर्ज करते हुए नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रोपिक सब्सटेंस (एनडीपीएस) एक्ट की धारा 8(C)/21(B) के तहत मामला दर्ज किया है. थानाध्यक्ष सुधाकर कुमार ने बताया कि नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है और इस तरह के मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी. उन्होंने कहा कि गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया की जा रही है तथा मामले की जांच एक सक्षम पुलिस पदाधिकारी को सौंप दी गई है.