मुरलीगंज. बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण में मुरलीगंज प्रखंड के मतदाताओं ने लोकतंत्र के महापर्व में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया. गुरुवार को शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुए मतदान में बिहारीगंज विधानसभा क्षेत्र में 65.37 प्रतिशत और मधेपुरा विधानसभा क्षेत्र में 63.29 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया. मुरलीगंज प्रखंड में महिलाओं का जोश पुरुषों से अधिक देखने को मिला. आंकड़ों के अनुसार, बिहारीगंज विधानसभा क्षेत्र के तहत आने वाले हिस्से में 32,874 पुरुषों के मुकाबले 36,074 महिलाओं ने वोट डाले. वहीं मधेपुरा विधानसभा क्षेत्र में 13,329 पुरुषों की तुलना में 15,309 महिलाओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया. मुरलीगंज की दिग्घी पंचायत के मोरकाही मिलन मंदिर स्थित बूथ संख्या 60 पर मतदान देर रात तक चलता रहा. जानकारी के अनुसार गांव के मोतीलाल यादव की 75 वर्षीय पत्नी पमीला देवी के निधन के कारण ग्रामीण अंतिम संस्कार में शामिल हो गये थे, इससे मतदान कुछ समय के लिए बाधित रहा. दाह संस्कार के बाद शाम पांच बजे से मतदाता पुनः बूथ पर पहुंचने लगे और देर रात 8:30 बजे तक वोटिंग जारी रही. थानाध्यक्ष अजीत कुमार ने बताया कि महिला की मृत्यु और अंतिम संस्कार के कारण गांव के लोग देर से लौटे, जिसके चलते उस बूथ पर रात तक मतदान कराया गया.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
