मधेपुरा.
17 बिहार बटालियन एनसीसी मधेपुरा कॉलेज मधेपुरा के एनसीसी कैडेट सहरसा भेरधरी निवासी अंडर ऑफिसर विकास कुमार गणतंत्र दिवस के अवसर पर नई दिल्ली में राजपथ पर परेड में बिहार व झारखंड का प्रतिनिधित्व करेंगे. 17 बिहार बटालियन एनसीसी मधेपुरा कॉलेज मधेपुरा के एनसीसी पदाधिकारी मेजर डॉ गौतम कुमार ने बताया कि विकास शुरू से ही खास व नेतृत्वकारी भूमिका की प्रतिभा रहा है. कॉलेज व विश्व विद्यालय विभिन्न स्तरों पर उसने कई छोटे बड़े कार्यक्रमों को अपने नेतृत्व में संपन्न कराया है. राजपथ पर परेड के हिस्सा बनने जा रहे विकास का सफर बहुत ही संघर्षपूर्ण रहा है. राजपथ दिल्ली के लिए चयन होने से पहले विकास को बरौनी, पटना में लगातार ट्रेनिंग से गुजरना पड़ा उसके उपरांत उसका चयन हुआ है. मेजर डॉ गौतम ने कहा कि यह एनसीसी के लिए गर्व के पल हैं, एनसीसी बटालियन सहित कॉलेज को विकास पर गर्व है.विकास ने बढ़ाया कॉलेज का मान
मधेपुरा कॉलेज मधेपुरा के संस्थापक डॉ अशोक कुमार ने विकास की इस उपलब्धि पर बधाई देते हुये कहा कि आज एक बार फिर अपने छात्र से कॉलेज, जिला व विश्वविद्यालय गौरवान्वित हुआ. समय-समय पर इस कॉलेज के छात्र-छात्राओं ने अपनी प्रतिभा से सबको गौरवान्वित किया है. इस कड़ी में विकास कुमार का राजपथ दिल्ली में परेड का हिस्सा बनना एक अहम अध्याय है. उन्होंने मेजर गौतम कुमार की सराहना करते हुए कहा कि आज एनसीसी मधेपुरा कॉलेज मधेपुरा की एक मजबूत कड़ी है. इसकी अपनी अलग पहचान है. प्रधानाचार्य डॉ पूनम यादव ने विकास के चयन पर प्रसन्नता जाहिर करते हुये कहा कि 17 बिहार बटालियन एनसीसी, मधेपुरा कॉलेज मधेपुरा के कैडेट विकास का चयन राजपथ पर परेड के लिए होना सार्वजनिक उपलब्धि है. इस पर सबको गर्व है, जब वो गणतंत्र दिवस पर राजपथ का हिस्सा बन रहा होगा तो निसंदेह वो पल कॉलेज के बढ़ते कदम का अहम पड़ाव माना जायेगा.विकास के चयन पर उप प्रधानाचार्य प्रो भगवान मिश्र, परीक्षा नियंत्रक डॉ माधव कुमार, डॉ हर्ष वर्धन सिंह राठौर, प्रो प्रसन्ना कुमारी, प्रो मनोज भटनागर, प्रो सच्चिदानंद सचिव ने बधाई दी.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
